राष्ट्रीय

नागपुर में संघ के देवगिरी और विदर्भ प्रांतों की बैठक, भाजपा के दिग्गज भी हुए शामिल

नागपुर, 28 अगस्त। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की व्यवस्था के तहत बने विदर्भ और देवगिरी प्रांत (मराठवाड़ा) की बैठक नागपुर के रेशमबाग इलाके में स्थित डॉ. हेडगेवार स्मृति मंदिर परिसर में चल रही है। तीन दिवसीय इस बैठक के दूसरे दिन रविवार को उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, महाराष्ट्र भाजपा के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले, सुधीर मुनगंटीवार और चंद्रकांत पाटिल मौजूद थे।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय समन्वय बैठक हर साल सितंबर से अक्टूबर के दरमियान आयोजित की जाती है। इस वर्ष यह बैठक 10 से 12 सितंबर के दरमियान छत्तीसगढ़ के रायपुर में होगी। अखिल भारतीय समन्वय बैठक से पहले सरसंघचालक और सरकार्यवाह देश के सभी क्षेत्रों की बैठक करते हैं। इनमें से कुछ बैठकों में सरसंघचालक और बाकी में सरकार्यवाह उपस्थित रहते हैं। इसी व्यवस्था के तहत सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले नागपुर में पश्चिमी क्षेत्र की समन्वय बैठक कर रहे हैं। इस बैठक में विदर्भ और देवगिरी प्रांतों में संघ परिवार के विभिन्न संगठनों के प्रांतीय और क्षेत्रीय पदाधिकारी शामिल हुए हैं। अखिल भारतीय बैठक से पहले प्रांतों और क्षेत्रों के कार्यों की समीक्षा आवश्यक होती है। इसी के तहत नागपुर में आयोजित बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद महाराष्ट्र भाजपा के दिग्गज नेता पहली बार एकसाथ रेशमबाग पहुंचे। सरकार्यवाह होसबाले ने इन सभी से संवाद स्थापित किया। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिव प्रकाश भी मौजूद थे।

इस बारे में जानकारी साझा करते हुए संघ के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया कि संघ सीधे राजनीतिक क्षेत्र में काम नहीं करता है। नतीजतन संघ की बैठकों में राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा नहीं होती। वहीं समन्वय बैठक में अब तक के कार्यों की समीक्षा और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की जाती है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं की मौजूदगी के पीछे राजनीतिक निहितार्थ ढूंढना उचित नहीं होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker