ख्रीस्त राजा पर्व पर सेंट मेरीज महागिरजाघर से निकली कैंडल शोभायात्रा
वाराणसी, 20 नवम्बर। छावनी क्षेत्र स्थित सेंट मेरीज महागिरजाघर से रविवार शाम वाराणसी धर्म प्रांत के धर्माचार्य विशप डॉ यूजीन जोसफ की अगुवाई में कैंडल जुलूस (शोभायात्रा) निकाली गई। जूलूस में शामिल समुदाय के लोग प्रभु यीशु का संदेश देते चल रहे थे। शोभायात्रा मदर टेरेसा मार्ग मिंट हाउस होते हुए वापस महागिरजाघर में आकर प्रार्थना सभा में बदल गई। मसीही समुदाय के सबसे बड़े पर्व क्रिसमस पूर्व ख्रीस्त राजा के पर्व पर निकली विशाल शोभायात्रा में मसीही समाज के लोग पूरे उत्साह के साथ शामिल हुए। शोभायात्रा का रास्ते में जगह-जगह स्वागत किया गया।
गौरतलब है कि ख्रीस्त राजा का पर्व क्रिसमस से 40 दिन पहले मनाया जाता है। इसके बाद पूरा मसीही समाज घरों की साफ -सफाई व चरनी निर्माण कर क्रिसमस की तैयारियों में लग जाता है। शोभयात्रा के दौरान कैण्ट थाना प्रभारी फोर्स के साथ मौजूद रहे।