हिसार: यात्राओं में जाने से पूर्व कोरोना की प्रिकॉशनरी डोज़ अवश्य लें नागरिक: डॉ. कमल गुप्ता
कैबिनेट मंत्री ने पार्टीजनों के साथ सुनी पीएम मोदी के मन की बात
हिसार, 26 जून । शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉक्टर कमल गुप्ता ने नागरिकों से अपील की है कि वे पवित्र स्थलों पर धार्मिक यात्राओं में जाने से पूर्व कोरोना महामारी से बचाव के लिए प्रिकॉशनरी डोज अवश्य लें। वे रविवार को शहर के कमला नगर में प्रधानंत्री मोदी के मन की बात कार्यक्रम सुनने के बाद क्षेत्रवासियों व पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री का यह कहना बहुत ही मायने रखता है कि आज हमारे देश का युवा आकाश छूने को तैयार है। हमारी युवा शक्ति विश्व को चुनौती दे रही तो हमारा देश पीछे कैसे रह सकता है। भारत विश्व की महान शक्ति बनने जा रहा है। उन्होंने कहा कि हम आपातकाल के उस भयानक दौर को कभी नही भूल सकते, जब लोगो से उनके जीवन-जीने का अधिकार छीन लिया गया था। यह वह काल था, जिसके उदाहरण दुनिया में बहुत कम देखने को मिलते है, परंतु भारत के लोगों ने लोकतंत्र में अपना विश्वास नहीं खोया। इस अवसर पर सुरेश गोयल धूपवाला, रामचन्द्र गुप्ता, प्रेम मसीह, प्रवीण जैन, सुरेंद्र सिंह सैनी, ओमप्रकाश, विजय कुमार, मदनलाल, मनोज गर्ग, एडवोकेट शिजा, स्मृति व सीमा सहित अन्य भी उपस्थित थे।