बढ़ रहा है देश का व्यापार घाटा : कांग्रेस
नई दिल्ली, 04 अक्टूबर। कांग्रेस लगातार महंगाई, बेरोजगारी के मुद्दे पर केन्द्र सरकार पर हमलावर है। कांग्रेस ने मंगलवार को ट्वीट कर कहा कि देश का व्यापार घाटा लगातार बढ़ रहा है। इसका खामियाजा देश की जनता को भुगतना पड़ेगा। कांग्रेस के अनुसार अगर देश का व्यापार घाटा बढ़ता रहा तो महंगाई और बेरोजगारी और अधिक बढ़ सकती है।
कांग्रेस का कहना है कि वर्तमान समय में देश का व्यापार घाटा बढ़कर 149.47 अरब डॉलर पहुंच गया है। पिछले साल के मुकाबले इस वर्ष का व्यापार घाटा करीब दोगुना हो गया है। इससे स्पष्ट होता है कि भारत अपनी जरूरत का सामान दूसरे देशों से ज्यादा खरीद रहा है। जबकि दूसरे देश भारत से ज्यादा सामान नहीं खरीद रहे हैं।
कांग्रेस ने कहा कि व्यापार घाटे के बढ़ने का सीधा मतलब होता है कि देश की आर्थिक स्थिति खराब होना। इसके असर से देश में रोजगार कम होंगे, नए रोजगार नहीं बनेंगे, बेरोजगारी बढ़ेगी, विकास दर कम होगी और रुपये का मोल भी कम होगा।