डीसीडब्ल्यू दिवंगत एएसआई शंभु दयाल को उनकी बहादुरी के लिए सम्मानित करेगा
नई दिल्ली, 11 जनवरी। दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) दिवंगत एएसआई शंभु दयाल को उनकी बहादुरी के लिए सम्मानित करेगा।
चार जनवरी को एएसआई शंभु दयाल को दिल्ली के मायापुरी इलाके में एक महिला व उसके पति के साथ लूटपाट के मामले की सूचना मिली। सूचना मिलते ही एएसआई शंभू दयाल मौके पर पहुंचे और आरोपित को पकड़ लिया। मगर आरोपित ने एएसआई शंभू दयाल पर चाकू से हमला कर दिया और कई वार किये। लेकिन दिल्ली पुलिस के जांबाज अधिकारी ने अत्यधिक बहादुरी का प्रदर्शन किया और अपनी पूरी ताकत से मुकाबला किया।
शंभु दयाल गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां दुर्भाग्य से इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। आरोपित को बाद में पकड़ लिया गया। डीसीडब्ल्यू एएसआई शंभु दयाल की बहादुरी को सलाम करता है और इस कठिन समय में उनके परिवार के साथ खड़ा है। डीसीडब्ल्यू मार्च, 2023 में आयोजित होने वाले अपने वार्षिक अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पुरस्कार समारोह के अवसर पर स्वर्गीय शंभु दयाल की बहादुरी को सम्मानित करेगा।
डीसीडब्ल्यू की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने इस मुद्दे पर ट्वीट भी किया, “बहुत बहादुरी से दिल्ली पुलिस एएसआई शंभू दयाल जी अपराधी को काबू करते हुए शहीद हुए। आखरी दम तक वो लड़ते रहे। दिख रहा है कम से कम 50 लोग वहां खड़े होकर तमाशा देख रहे थे, किसी ने मदद नहीं की। हम उनको सलाम करते हैं। इस वर्ष डीसीडब्ल्यू उनके परिवार को सम्मानित करेगा।”