नप द्वारा टेंडर जारी न करने के चलते नहीं हो रहा शहर का विकास: पार्षद जितेंद्र
सिद्धार्थ राव, बहादुरगढ़। नगर परिषद का नया बोर्ड बनने के बावजूद भी शहर में विकास कार्य नहीं हो पा रहे हैं। जबकि नगर परिषद की हुई बैठक में सभी पार्षदों ने अपने वार्डों से संबंधित सभी विकास कार्यों करवाने के मांग पत्र सौंप दिया था। इसके बावजूद भी शहर में विकास कार्यों का शुरू न होना नगर परिषद बोर्ड पर सवालिया निशान है। यह कहना है वार्ड नंबर-9 से पार्षद जितेंद्र राठी का।
पार्षद जितेंद्र राठी ने कहा कि नगर परिषद के अधिकारियों को चाहिए कि वह शहर में विकास कार्य करवाने की दिशा में काम करें। नगर परिषद बोर्ड बनने के बाद कोई टेंडर नहीं लगाया गया है। उन्होंने कहा कि दीपावली से पहले शहर को रोशन करने का दावा नगर परिषद द्वारा किया गया था, मगर दीपावली के डेढ़ महीना बीत जाने के बाद भी नई लाइटें शहर के वार्डों में नहीं लगवाई गई हैं। पार्षद जितेंद्र राठी ने कहा कि नगर परिषद द्वारा शहर के सभी वार्डों के विकास कार्यों के टेंडर जल्द से जल्द जारी किए जाएं, ताकि शहर के वार्डों में विकास हो सके। उन्होंने कहा कि शहर के वार्डों में अंधेरे की समस्या से निजात के लिए नई लाइटें भी जल्द से जल्द लगवाई जाए, क्योंकि नगर परिषद की बैठक में लाइटों का प्रस्ताव पास होने के बावजूद भी अब तक लाइटें नहीं लगाई गई। उन्होंने कहा कि शहर की सभी सड़कें टूटी पड़ी हैं, जिस कारण लोगों को काफी परेशानियां उठानी पड़ रही है। शहर में अमृत योजना के नाम पर बड़ा घोटाला हुआ है, जिसका खामियाजा बहादुगरढ़ शहर की जनता भुगत रही है। अमृत योजना के नाम पर शहर की सभी सड़कों को उखाड़ कर छोड़ दिया गया है। उन्होंने कहा कि बहादुरगढ़ की जनता ने शहर के विकास के लिए पार्षदों का चयन किया था, लेकिन नगर परिषद अधिकारियों द्वारा विकास कार्यों के टेंडर जारी नहीं किए गए हैं। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि शहर के विकास के लिए जल्द से जल्द टेंडर जारी किए जाएं, ताकि शहर में जल्द से जल्द विकास कार्य हो सकें।