राष्ट्रीय

पूरी अकीदत और एहतराम के साथ मनाया गया ईद मिलादुन्नबी

नई दिल्ली, 09 अक्टूबर। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब का जन्मदिन ईद मिलादुन्नबी पूरी अकीदत और एहतराम के साथ रविवार को मनाया गया। राजधानी दिल्ली के मुस्लिम बहुल इलाकों में जलसे और जुलूस के आयोजन हुए। बारिश होने के बावजूद जुलूस में बड़ी संख्या में लोगों ने पूरे जोश-खरोश के साथ भाग लिया। साथ ही फल, मिठाइयां और खाने-पीने की वस्तुएं बांटी गईं।

इस मौके पर मरकजी ईद मिलाद-उन-नबी कमेटी की तरफ से बाड़ा हिंदू राव मस्जिद शेरखान के पास बड़े धार्मिक जलसे का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी तादाद में धार्मिक उलेमा, बुद्धिजीवियों और अन्य धर्म के धर्म गुरुओं ने बड़ी तादाद में भाग लिया। जलसे में कई राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी भाग लिया जिनमें प्रमुख रूप से भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री साबिर अली, पूर्व सांसद जयप्रकाश अग्रवाल, पूर्व केंद्रीय मंत्री जगदीश टाइटलर, दिल्ली सरकार के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री इमरान हुसैन, भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता, पूर्व निगम पार्षद इमरान इस्माइल आदि शामिल रहे।

जलसे में पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के पैगाम और उनकी शिक्षाओं का जिक्र किया गया और उनके बताए रास्ते पर चलकर पूरे विश्व में शांति स्थापित करने और आपसी मेलजोल और भाईचारे को बढ़ावा दिए जाने पर बल दिया गया। जलसे के बाद यहां से एक भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस में पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब से जुड़ी यादें और उनके किए गए कामों को दर्शाने वाली झांकियों का प्रदर्शन किया गया। बारिश होने के बावजूद जुलूस में बड़ी संख्या में लोगों ने पूरे जोश-खरोश के साथ भाग लिया।

यहां से निकाला गया जुलूस सदर बाजार, बारा टोटी चौक, खारी बावली, फतेहपुरी, लाल कुआं, हौज काजी, बड़शाह बुल्ला चौक, नई सड़क, जामा मस्जिद, मटिया महल, चितली कबर, बाजार तुर्कमान गेट होता हुआ तुर्कमान गेट चौक पर जाकर ख़त्म हुआ। इसके अलावा जमजम फाउंडेशन की तरफ से बाड़ा हिंदूराव राव अस्पताल में मरीजों को फल वितरित किये गए।

इसी तरह दिल्ली के अन्य मुस्लिम क्षेत्रों सीलमपुर, वेलकम, जाफराबाद, नंदनगरी, सीमापुरी शाहदरा, जगतपुरी, बस्ती हजरत निजामुद्दीन,भोगल, ओखला और जामिया नगर में भी जलसे एवं जुलूसों का आयोजन किया गया। शाही मस्जिद फतेहपुरी में भी एक जलसे का आयोजन मस्जिद के इमाम डॉ. मुफ्ती मुकर्रम अहमद की अध्यक्षता में किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker