फरीदाबाद:दुधमुंहे बच्चे का हत्यारोपी पिता गिरफ्तार
फरीदाबाद, 13 अगस्त। डेढ़ माह के बेटे की तकिये से मुंह दबाकर हत्या करने का आरोपित पिता को क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित का नाम सुंदर है। वह मूलरूप से गांव झाड़सेंतली का रहने वाला है। पिछले करीब छह महीने से राजीव कालोनी ओल्ड फरीदाबाद में पत्नी प्रिया के साथ किराए के मकान में रहता था। आरोपित से पूछताछ में क्राइम ब्रांच को पता चला है कि उसने दो शादियां कर रखी हैं। उसकी दोनों पत्नियों को उसकी दूसरी शादी का पता चल गया था।
इसे लेकर उसका पत्नियों के साथ झगड़ा रहता था और वह तनाव में रहता था। इसी तनाव के चलते उसने गुस्से में अपने डेढ़ माह के बेटे की हत्या की। क्राइम ब्रांच प्रभारी ब्रह्मप्रकाश ने बताया कि सुंदर ने जून 2012 में डबुआ कालोनी में रहने वाली टीना से शादी की थी। उनका एक नौ साल का बेटा है। जून 2021 में उसने प्रिया से शादी कर ली। उसने प्रिया को अपनी पहली शादी के बारे में नहीं बताया था।
कुछ समय पहले टीना को दूसरी शादी का पता चल गया और प्रिया को भी इसकी जानकारी मिली कि सुंदर पहले से ही शादीशुदा है। इस कारण दोनों उससे झगड़ा करती थीं और एक पत्नी को छोडऩे का दबाव बनाती थीं। दोनों ने उसके खिलाफ महिला थाने में शिकायत भी दे रखी थी। इनके चलते वह काफी तनाव में था। 24 जून को प्रिया ने जुड़वा बच्चों को जन्म दिया।
शुक्रवार को प्रिया मायके जाने की जिद कर रही थी और सुंदर मना कर रहा था। इस कारण दोनों के बीच झगड़ा हो गया। वह एक बच्चे को उसके पास छोडक़र दूसरे को अपने साथ ले गई। पीछे से जब बच्चा रोया तो गुस्से में आकर सुंदर ने तकिया से उसका चेहरा दबा दिया। इससे दम घुटने के कारण उसकी मौत हो गई। शनिवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव स्वजन को सौंप दिया। बच्चे का बिसरा जांच के लिए भेजा गया है। शुरुआती जांच में मौत का कारण दम घुटना आया है।