नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने गुरुवार को कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि गांधी परिवार आज भी सिखों के कातिलों के साथ खड़ी है।
सिरसा ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और सिंख दंगों के आरोपी जगदीश टाइटलर की मुलाकात पर ट्वीट कर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस मुलाकात से स्पष्ट है कि गांधी परिवार सिखों के कातिलों के साथ है। उन्होंने कहा, “ सोनिया गांधी और जगदीश टाईटलर की मीटिंग से गाँधी परिवार ये संदेश देना चाहता है कि वो आज भी सिखों के क़ातिलों के साथ खड़ा है और हमेशा उनका बचाव करता रहेगा। ”
उल्लेखनीय है कि सिख दंगों के आरोपी जगदीश टाइटलर ने गुरुवार को सोनिया गांधी के आधिकारिक आवास 10 जनपथ पर उनसे मुलाकात की।
इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक गलियारों में खूब चर्चा है। लेकिन कांग्रेस से जुड़े लोग इसे सिर्फ एक औपचारिक मुलाकात बता रहे हैं। वैसे तो सिख दंगों के बाद कांग्रेस ने लंबे समय से टाइटलर से दूरी बना रखी थी लेकिन बीते कुछ वर्षों में कांग्रेस और टाइटलर के बीच की दूरियां धीरे-धीरे कम होती नजर आ रही हैं। टाइटलर इन दिनों कांग्रेस के कार्यक्रमों में यदा-कदा दिखने लगे हैं। बीते वर्ष सोनिया गांधी ने इन्हें दिल्ली प्रदेश कांग्रेस का स्थाई पदाधिकारी नियुक्त किया था। सोनिया गांधी के इस फैसले को लेकर भाजपा ने पंजाब से लेकर दिल्ली तक में हंगामा किया था।
कांग्रेस को मजबूत करने के लिए सोनिया गांधी इन दिनों लगातार संगठन के पदाधिकारियों से संवाद कर रही हैं। उन्होंने आज जगदीश टाइटलर से मुलाकात के साथ-साथ झारखंड के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर से भी मुलाकात की।