राष्ट्रीय

कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाये जाने की चर्चाओं को गहलोत ने किया खारिज

जयपुर, 24 अगस्त। कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चाओं को राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि उनके पास राजस्थान के मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी है और वह इसे ही निभा रहे हैं। उनका फोकस फिलहाल इस पर है कि प्रदेश में सरकार कैसे रिपीट हो?

राहुल गांधी के कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष बनने से इनकार करने के बाद अब कांग्रेस पार्टी के सामने बड़ी चुनौती ये है कि अगर राहुल गांधी नहीं तो फिर कांग्रेस का अध्यक्ष कौन होगा? इसे लेकर मीडिया रिपोर्टों में कहा जा रहा हैं कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की भूमिका सौंपी जा सकती है। अहमदाबाद दौरे से लौटकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को इन चर्चाओं को सिरे से नकारते हुए कहा है कि उन्हें सोनिया गांधी ने राजस्थान के मुख्यमंत्री की पद जिम्मेदारी सौंपी है। वह इसे ही निभाते रहेंगे और उनका लक्ष्य फिलहाल यही है कि राजस्थान में 2023 में सरकार रिपीट कैसे हो।

सीएम गहलोत ने कहा कि लंबे अरसे से मीडिया मेरे कांग्रेस अध्यक्ष बनने को लेकर खबरें चलाता रहा है लेकिन अभी तक तो इसे लेकर कोई चर्चा ही नहीं हुई। किसी को नहीं मालूम कि क्या होगा? सीएम ने कहा कि सोनिया गांधी रूटीन चेकअप के लिए आज विदेश चली गईं हैं। यही कारण था कि हमने कल ही उन्हें गुजरात चुनाव को लेकर अपना फीडबैक दिया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें सोनिया गांधी ने दो जिम्मेदारी सौंपी है। एक तो गुजरात के सीनियर ऑब्जर्वर की, जिसे वह गुजरात चुनाव यानी दिसम्बर तक देखते रहेंगे और दूसरा राजस्थान के मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है जिसे वह निभाते रहेंगे। राजस्थान में वापस सरकार कैसे रिपीट हो, यही उनका प्रयास रहेगा और ये दो ही काम उनके पास हैं।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि मीडिया अपने हिसाब से खबरें चलाता रहता है, उसका वह क्या कर सकते हैं? जब तक राष्ट्रीय अध्यक्ष पद को लेकर कोई फैसला नहीं हो जाता है तब तक वह इस पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकते हैं लेकिन वह ये कह जरूर सकते हैं कि उनके पास औपचारिक रूप से राजस्थान के मुख्यमंत्री और गुजरात चुनाव ऑब्जर्वर की जिम्मेदारी है और वह उसमें ही लगे हुए हैं। उन्होंने राहुल गांधी के साथ होने वाली मुलाकात को लेकर भी साफ कर दिया कि राहुल अभी सोनिया गांधी के साथ विदेश गए हैं। वह जब विदेश से वापस आएंगे तब क्या होगा, देखते हैं।

गुजरात विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर मंथन के लिए अहमदाबाद पहुंचे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दिल्ली रवाना होने से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि गुजरात के चुनाव घोषणा पत्र में राजस्थान के विकास की योजनाओं की झलक देखने को मिलेगी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह काल्पनिक सवाल है, इसके बारे में ज्यादा जवाब नहीं दे सकता। हम यहां चुनाव जीतने आए हैं। मैंने पीएम मोदी से पूरे देश में राजस्थान के स्वास्थ्य मॉडल का पालन करने और उसे लागू करने का अनुरोध किया है। यह योजना मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना’ है। उनकी आयुष्मान भारत योजना अधूरी है। गहलोत ने कहा कि पार्टी में एकतरफा राय राहुल गांधी के अध्यक्ष बनने के समर्थन में है। देशभर में कांग्रेसजनों की भावनाओं को समझते हुए राहुल गांधी को पार्टी अध्यक्ष पद स्वीकार कर लेना चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker