राष्ट्रीय

हिमाचल के मतदाताओं ने नया इतिहास रचने का मन बनाया : प्रधानमंत्री मोदी

हमीरपुर/नई दिल्ली, 09 नवंबर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हिमाचल में फिर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत का दावा करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता ने नया इतिहास रचने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को समझ आ गया है कि अदला-बदली ने हिमाचल को बर्बाद करके रख दिया है।

प्रधानमंत्री ने बुधवार को हिमाचल के सुजानपुर में भाजपा की चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हिमाचल के लोग कांग्रेस को भली भांति जान चुके हैं। कांग्रेस को लगता है कि हिमाचल हमेशा पांच साल इसके और पांच साल उसके के फार्मूले पर ही चलेगा। इसलिए कांग्रेस के नेता हिमाचल और यहां के लोगों की कोई परवाह नहीं करते। उन्होंने कहा कि इस बार हिमाचल के लोग खुद ही चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने तय कर लिया है कि दोबारा जयराम ठाकुर की सरकार बनानी है। मोदी ने कहा, “मैं हिमाचल में जहां भी गया हूं, मैंने यहां का मिजाज देखा है। मैंने हिमाचल की जनता का संकल्प देखा है। अब हिमाचल के लोगों को समझ आ गया है कि अदला-बदली ने हिमाचल को बर्बाद करके रख दिया है।”

सेना का अपमान करने और सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाने को लेकर कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए मोदी ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने सेना प्रमुख का अपमान किया। सैनिकों की तुलना गुंडों से की और सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “कांग्रेस का इतिहास झूठे वादे और झूठी गारंटी का रहा है। कांग्रेस के राज में हमारे फौजियों के पास पर्याप्त बुलेटप्रूफ जैकेट नहीं थी। कांग्रेस के राज में फौजियों के पास बर्फ में पहनने के लिए अच्छे जूते नहीं थे। कांग्रेस के राज में बॉर्डर पर सड़कें नहीं बनाई जाती थीं। कांग्रेस ने ही फौजियों को वन रैंक वन पेंशन के नाम पर 40 साल तक धोखा दिया।”

सेना में महिलाओं को मौका देने को लेकर प्रधानमंत्री ने कहा कि अब बेटियों के लिए भी तीनों सेनाओं के द्वार खोल दिए गए हैं। हम सैन्य स्कूलों की संख्या भी बढ़ा रहे हैं और इसमें बेटियों को भी दाखिला मिल रहा है। हमारी सरकार, पुलिस फोर्स और केंद्रीय सुरक्षा बलों में भी बेटियों को बहुत प्रोत्साहन दे रही है। आजादी के बाद 2014 तक, देश में पुलिस सेवा में लगभग 1 लाख बेटियां थीं। बीते 8 साल में ये संख्या लगभग सवा 2 लाख हो चुकी है। इसी प्रकार केंद्रीय बलों में भी बेटियों की भागीदारी 17 हजार से बढ़कर 35 हजार से ज्यादा हो चुकी है। और ये लगातार बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि इतने वर्षों के शासन में कांग्रेस ने जो विश्वासघात किया है, उसके सबसे बड़े भुक्तभोगी हिमाचल के लोग ही हैं। जबकि भाजपा ने हिमाचल के घर-घर को बुनियादी सुविधाएं देने के लिए लगातार प्रयास किया है। मोदी ने कहा कि आज हिमाचल और पूरे देश के लोग भाजपा पर बहुत विश्वास करते हैं। भाजपा पर देश का ये भरोसा लगातार मजबूत होता जा रहा है। अभी दो-तीन दिन पहले ही देश के कुछ राज्यों में उप-चुनाव के परिणाम आए हैं। जहां कभी भाजपा को कमजोर माना जाता था, वहां भी लोगों ने कमल का फूल बढ़-चढ़कर खिला दिया है। वहीं कांग्रेस जहां बहुत ताकतवर होती थी, सरकार में होती थी या कभी मुख्य विपक्षी दल होती थी। वहां कांग्रेस की स्थिति दिनोंदिन बिगड़ती ही जा रही है। जो क्षेत्र कभी कांग्रेस का गढ़ माने जाते थे, वहां से कांग्रेस का पूरी तरह से सफाया हो गया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास में महिलाओं को हिस्सेदारी देने वाली भाजपा है। रसोई के धुएं से मुक्ति दिलाने वाली भाजपा है। घर-घर शौचालय बनाने वाली भाजपा है। घर-घर बिजली देने वाली भाजपा है घर-घर जल देने वाली भाजपा है। कोरोना के मुश्किल समय में हर गरीब को मुफ्त अनाज देने वाली भाजपा है। मोदी ने कहा कि कांग्रेस स्वभाव से विकास की दुश्मन है। वह लोगों को मुसीबत में जीने के लिए छोड़ देती है। लेकिन भाजपा हिमाचल को विकास की नई ऊंचाई पर ले जा सकती है। इसलिए इस बार हिमाचल में भाजपा सरकार की वापसी जरूरी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker