हरियाणा

हिसार: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आखिरी पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी मजबूत किया: ओमप्रकाश धनखड़

प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में मंथन से पहले तैयारियों को लेकर हुआ मंथन

प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा और जिला प्रभारियों एवं अध्यक्षों के साथ की बैठक

हिसार, 27 मई (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा है कि पार्टी का हर कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में लगा हुआ है। आज भारत का डंका पूरे विश्व में जोर-शोर से बज रहा है। सबका साथ, सबका विकास के नारे को सार्थक करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आखिरी पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी मजबूत किया है और विकास की मुख्यधारा से जोड़ा है। प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ शुक्रवार शाम भाजपा जिला कार्यालय में पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक में पदाधिकारियों के साथ विभिन्न विषयों पर मंथन कर रहे थे। कार्यालय पहुंचने पर जिला अध्यक्ष कैप्टन भूपेन्द्र व अन्य पदाधिकारियों ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी का कार्यकर्त मोदी-मनोहर सरकार की हर कल्याणकारी नीतियों को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाकर अपनी सकारात्मक भूमिका निभा रहा है, लेकिन हमें इसमें और तेजी लानी होगी। उन्होंने कहा कि आगामी नगर निकाय चुनाव भी भाजपा के लिए अहम मुद्दा है। नगर निकाय चुनाव में भाजपा के सामने कोई भी दूसरी पार्टी नहीं टिकेगी। प्रदेश में सभी निकाय चुनाव जीतकर ट्रिपल इंजन सरकार बनेगी, इसलिए कार्यकारिणी की बैठक में निकाय चुनाव का विषय सबसे अहम होगा। भाजपा ही एकमात्र राजनीतिक पार्टी है, जो संगठनात्मक रूप से अन्य पार्टियों से न केवल मजबूत है, बल्कि अनुशासित भी है। इसलिए हर बार की तरह इस बार भी पार्टी कार्यकर्ताओं को अनुशासन को सबसे महत्वपूर्ण मानकर चलने की बात दोहराई जाए।

पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रमुख संजय शर्मा ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी हरियाणा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक शनिवार को सुबह नौ बजे शुरू होगी। इसमें शाम पांच बजे तक विभिन्न विषयों पर गहनता से मंथन होगा। इस मंथन से पहले शुक्रवार शाम को प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा प्रदेश अध्यक्षों और जिला के प्रभारियों एवं अध्यक्षों के साथ कार्यकारिणी बैठक की तैयारियों पर मंथन किया। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकारिणी में रखे जाने वाले विषयों पर चर्चा करते हुए कार्य की जिम्मेदारी भी सौंपी। निकाय चुनाव से पहले इस बार भाजपा की यह कार्यकारिणी बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है। यही कारण है कि प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकारिणी से एक दिन पहले भी सभी पदाधिकारियों से तैयारियों को लेकर चर्चा की और महत्वपूर्ण निर्देश दिए। शनिवार को होने वाली कार्यकारिणी में सभी नेता खुले मन से अपने विचार रखेंगे जिसमें गत दिनों हुए पार्टी कार्यक्रमों की समीक्षा होगी और आगामी नए कार्यक्रमों की रूपरेखा खींची जाएगी।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेन्द्र सपड़ा ने बताया कि प्रदेश कार्यकारिणी की आज शुरू हुई बैठक में कैबिनेट मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, खेल मंत्री संदीप सिंह, डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा, प्रदेश संगठन महामंत्री रविंद्र राजू, भाजपा हिसार जिला अध्यक्ष कैप्टन भूपेंद्र, सभी प्रदेश पदाधिकारी, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य, जिला प्रभारी मोर्चा अध्यक्ष, मोर्चा प्रभारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker