ताऊ देवीलाल जयंती पर होने वाली सम्मान दिवस रैली होगी ऐतिहासिक: नफे सिंह राठी
* रैली में मंच पर मौजूद रहेंगे विभिन्न पार्टियों के प्रमुख नेता
सिद्धार्थ राव, बहादुरगढ़। ताऊ देवीलाल की जयंती पर 25 सितंबर को फतेहाबाद में होने वाली सम्मान दिवस रैली ऐतिहासिक साबित होगी। यह रैली प्रदेश की राजनीति में नया परिवर्तन लाने का काम करेगी और प्रदेश की जनता को भाजपा की कुनीतियों से छुटकारा दिलाने में अहम साबित होगी। यह कहना है इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी का। वह अपने कार्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक का मंच संचालन इनेलो नेता रामनिवास सैनी ने किया।
इनेलो प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी ने कहा कि रैली को लेकर लोगों में भारी उत्साह है। बहादुरगढ़ से लगभग 400 गाडिय़ों का काफिला रैली में पहुंचेगा, जिसमें सैकड़ों की संख्या में पुरुष व महिलाएं शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि रैली में प्रमुख विपक्षी दलों के बड़े-बड़े नेता मंच पर विराजमान रहेंगे। इस रैली के माध्यम से विपक्ष तीसरे मोर्चे की नींव रखेंगे और यह तीसरा मोर्चा न होकर मुख्य फ्रंट के रूप में विकल्प के रूप में जनता के सामने आएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनाव के दौरान जनता से जो वायदे किए थे, उसे सत्ता में आने में बाद अमल में नहीं लाई। आज जनता महंगाई, बेरोजगारी, बिगड़ती कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार से त्रस्त है, लेकिन जनता का ध्यान जनता की ओर न होकर केवल लोगों को धर्म व जाति के आधार पर बांटने में लगा हुआ है। उन्होंने कहा कि इंडियन नेशनल लोकदल के प्रति लोगों का बढ़ता रूझान इस बात का संकेत है कि अब जनता विकल्प के रूप में इनेलो को देख रही है, क्योंकि इनेलो शासनकाल के दौरान अनेक जनहितकारी नीतियां लागू करके लोगों को सुविधाएं प्रदान करने का काम किया गया था। स्व. ताऊ देवीलाल ने बुजुर्गों के सम्मान के लिए पेंशन योजना को शुरू किया, ताकि बुजुर्ग सम्मान के साथ अपना जीवन व्यतीत कर सकें, लेकिन भाजपा ने बुजुर्गों का अपमान करते हुए बिना नियम कानून के पेंशन काट रही है। राठी ने कहा कि रैली को सफल बनाने के लिए सभी जोन, वार्ड, शहरी व हलका प्रधान व मुख्य कार्यकर्ताओं को ड्यूटियां सौंप दी गई हैं, जो रैली को सफल बनाने में अपना अहम योगदान देंगे। इस अवसर पर इनेलो पूर्वांचल प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष प्रदीप सिन्हा, हलका प्रधान पप्पू कानोंदा, पूर्व सरपंच महेंद्र दलाल, भगते पहलवान, पार्षद बिजेंद्र पाल दलाल, पार्षद मोहित राठी, नाजिम सैफी, सोनू सैनी, बलवान धनखड़, धर्म सिंह, मनीष अहलावत, अलीशेर खान, सोमबीर पिहाल, सुधीर बतरा, मयूर सैनी, ओमप्रकाश डोरा, महेंद्र राठी, अनिल शर्मा, सत्ते पंडित, सूरज सिंह, जय सिंह, प्रमोद, बल्ले बराही, तारीफ सिंह बराही, नीलम ढिल्लो, कृष्णा दलाल, रानी नागर, सीमा दलाल सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।