दहेज के लिए पति ने महिला को जलाया, डीसीडब्ल्यू ने दिल्ली पुलिस को जारी किया नोटिस
नई दिल्ली, 06 सितंबर। दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) ने एक महिला को उसके ससुराल में कथित तौर पर जलाए जाने के बाद दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है। डीसीडब्ल्यू को महिला के पति द्वारा उसकी हत्या के प्रयास के संबंध में शिकायत मिली थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह दिल्ली के मंडावली में अपने ससुराल में रहती है।
उसने बताया कि उसका पति उससे झगड़ता है और अक्सर मारपीट करता है। 02 सितंबर को उसका पति उससे झगड़ा कर रहा था और उससे पांच लाख रुपये की दहेज की मांग कर रहा था। महिला ने आरोप लगाया कि जब उसने विरोध किया तो उसके पति और ससुर ने उसपर तेल डाल कर उसे आग के हवाले कर दिया। फिलहाल महिला गंभीर हालत में दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती है। वह गंभीर रूप से जल गई है और जीवन और मौत से जूझ रही है।
डीसीडब्ल्यू की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है। आयोग ने आरोपियों की गिरफ्तारी की स्थिति के साथ एफआईआर की कॉपी मांगी है। आयोग ने दिल्ली पुलिस से 09 सितंबर तक की गई कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है।
स्वाति मालीवाल ने कहा, “घटना पूरी तरह से भयावह है। महिला बुरी तरह झुलस गई है और अस्पताल में जिंदगी के लिए संघर्ष कर रही है। यह शर्मनाक है कि देश में आज भी दहेज के लिए महिलाओं को जलाया जा रहा है। दिल्ली पुलिस को इस मामले में तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।”