हरियाणा

हिसार: हरियाणा में ना पुलिस सुरक्षित ना विधायक, केवल गुंडाराज कायम : अभय चौटाला

भाजपा गठबंधन सरकार में भ्रष्टाचार का बढ़ रहा ग्राफ

इनेलो का जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित

हिसार, 20 जुलाई। इनेलो के प्रधान महासचिव एवं विधायक अभय सिंह चौटाला ने कहा है कि प्रदेश की भाजपा गठबंधन सरकार में हरियाणा में गुंडाराज का बोलबाला है। प्रदेश में ना तो पुलिस अधिकारी सुरक्षित हैं और ना ही विधायक। वे बुधवार को यहां के आजाद नगर में पार्टी के जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि मंगलवार को जिला नूंह के तावडू में अवैध खनन माफिया द्वारा हरियाणा पुलिस के डीएसपी सुरेंद्र सिंह बिश्नोई की डंपर से सरेआम बेरहमी से कुचल कर हत्या कर दी गई। प्रदेश की भाजपा गठबंधन सरकार प्रदेश को संभालने में पूरी तरह से नकारा साबित हुई है। भाजपा गठबंधन को सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं रह गया है। गुंडों और माफियाओं को कानून का कोई डर नहीं है। उन्होंने कहा कि आज पूरे प्रदेश में जनता के बीच भय और आतंक का माहौल बन चुका है। विधायकों को सरेआम मौत के घाट उतारने की धमकियां दी जा रही हैं और उनसे रंगदारी मांगी जा रही है। प्रदेश में हर रोज हत्या, लूट और डकैती के मामले इतने बढ़ चुके हैं कि आम आदमी डर के साए में जी रहा है और उसका घर से निकलना दूभर हो गया है।

इनेलो विधायक ने कहा कि प्रदेश में अवैध खनन माफियाओं को भाजपा गठबंधन सरकार का संरक्षण प्राप्त है। भाजपा सरकार में अवैध खनन के सैंकड़ों मामले सामने आ चुके हैं जिसमें सरकार की मिलीभगत से खनन माफिया द्वारा हजारों करोड़ रूपए का गोलमाल किया गया है लेकिन सरकार का संरक्षण प्राप्त होने के कारण आज तक एक भी दोषी नहीं पकड़ा गया है।उन्होंने कहा कि डीएसपी सुरेंद्र सिंह बिश्नोई की हत्या के असली दोषी खनन माफिया को तुरंत गिरफ्तार किया जाए ताकि उनके परिवार को न्याय दिलाया जा सके।

कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं जिला प्रभारी उमेद सिंह लोहान ने कहा कि आगामी 25 सितंबर को पूर्व उप प्रधानमंत्री स्व. चौधरी देवीलाल की जयंती पर फतेहाबाद में एक विशाल रैली का आयोजन किया जाएगा। इस रैली को लेकर पार्टी कार्यकर्ता अभी से तैयारी शुरू कर दें। उन्होंने कहा कि इस रैली में हिसार जिला की सबसे अधिकारी भागीदारी होनी चाहिए। कार्यकर्ता सम्मेलन में अनेक पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker