हिंद महासागर क्षेत्र की सामूहिक सुरक्षा के लिए भारत-मलेशिया प्रतिबद्ध
– मलेशिया के नौसेना प्रमुख भारत की यात्रा पर, अपने समकक्ष से समुद्री क्षेत्र की सुरक्षा पर की चर्चा
– राष्ट्रीय समर स्मारक भी गए मलेशियाई नेवी चीफ , भारत में प्रशिक्षण ले चुके हैं मोहम्मद रेजा
नई दिल्ली, 17 अगस्त। भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार के निमंत्रण पर रॉयल मलेशियाई नौसेना के प्रमुख एडमिरल मोहम्मद रेजा बिन मोहम्मद सानी तीन दिवसीय भारत की आधिकारिक यात्रा पर दिल्ली पहुंचे हैं। दोनों नौसेना प्रमुखों ने मुलाकात करके समुद्री क्षेत्र में चल रहे द्विपक्षीय संबंधों की प्रगति पर चर्चा की। मलेशियाई नेवी चीफ को साउथ ब्लॉक के भव्य लॉन में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
रॉयल मलेशियाई नौसेना के प्रमुख एडमिरल मोहम्मद रेजा बिन मोहम्मद सानी ने यात्रा की शुरुआत में उन्हें बुधवार को साउथ ब्लॉक के भव्य लॉन में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद वे राष्ट्रीय समर स्मारक पर भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि देने गए। एडमिरल मोहम्मद रेजा ने नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार से मुलाकात करके समुद्री क्षेत्र में चल रहे द्विपक्षीय संबंधों की प्रगति पर चर्चा की। उन्हें भारतीय नौसेना द्वारा अपनाई जा रही विदेशी सहयोग गतिविधियों की विस्तृत श्रृंखला के बारे में भी जानकारी दी गई।
दोनों प्रमुखों ने द्विपक्षीय नौसैनिक सहयोग को और मजबूत करने के लिए कई नए रास्तों की पहचान की और हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा के लिए सामूहिक जिम्मेदारी के सिद्धांत को बनाए रखने के लिए अपने समर्थन की प्रतिबद्धता भी जताई। इस यात्रा के दौरान एडमिरल मोहम्मद रेजा विदेश मंत्रालय और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय (एनएससीएस) के उच्च अधिकारियों के साथ भी बातचीत करेंगे। वह भारतीय रक्षा उद्योग प्रतिनिधियों के साथ भी बातचीत करेंगे। एडमिरल की यात्रा दोनों नौसेनाओं के बीच बढ़ते सहयोग और द्विपक्षीय संबंधों को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्धता की एक और अभिव्यक्ति का प्रतीक है।
एडमिरल मोहम्मद रेजा कोच्चि में भारतीय नौसेना के आईएनएस द्रोणाचार्य प्रीमियर गनरी ट्रेनिंग एस्टैब्लिशमेंट के एक गौरवशाली पूर्व छात्र हैं, जहां से उन्होंने 1990 में गनरी स्पेशलिस्ट के रूप में स्नातक की उपाधि प्राप्त की थी। कोच्चि की यात्रा के दौरान उनकी मेजबानी दक्षिणी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ वीएडीएम एमए हम्पीहोली करेंगे। भारतीय नौसेना और रॉयल मलेशियाई नौसेना ने 22 मई को द्विपक्षीय अभ्यास समुद्र लक्ष्मण और 22 जून को नौसेना स्टाफ वार्ता में हिस्सा लिया है। मलेशिया के जहाज केडी लेकिउ ने इससे पहले 22 फरवरी को विशाखापत्तनम में भारतीय नौसेना के अभ्यास मिलन में भाग लिया था।