बारिश के पानी की निकासी को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश
यमुनानगर, 07 जुलाई । भाजपा विधायक घनश्यामदास अरोड़ा ने मानसून में बारिश के पानी की निकासी के इंतजाम को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिये हैं। विधायक ने कहा कि बारिश का मानसून सीजन शुरू हो चुका है और जगह-जगह बारिश के पानी का जलभराव होने से आम जनता को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक अरोड़ा ने जलभराव की शिकायतों पर गुरुवार को अधिकारियों के साथ जल प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। विधायक ने आजाद नगर, दशमेश कॉलोनी में पार्षद सुरेंद्र शर्मा, पूर्व पार्षद पवन बिट्टू व नगर निगम व पब्लिक हेल्थ के अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया और पानी की निकासी की समस्या दूर करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। साथ ही समस्या का समाधान निकाल कर शाम तक रिपोर्ट देने को कहा। उन्होंने कहा कि आम जनता को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि नालों की सफाई सही समय पर की जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को अपने रवैए में सुधार लाना होगा और सभी कार्यों को तय समय-सीमा में पूरा करना होगा।