ट्रेन से महिला यात्री से मोबाइल छीनने वाला गया जेल
गोहाना,6 जुलाई :
जीआरपी गोहाना की टीम ने एक्सप्रेस ट्रेन में सफर कर रही महिला से मोबाइल छीनने की घटना में आरोपित रोहतक में सांपला निवासी गौरव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपित तक मोबाइल नंबर की लोकेशन के आधार पर पहुंची। बुधवार को पुलिस ने आरोपित को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
राजस्थान में बीकानेर जिले की प्रियंका पत्नी लालचंद 23 मार्च, 2022 को हरिद्वार से बीकानेर एक्सप्रेस ट्रेन में सफर कर रही थी। गोहाना रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन पहुंची तो एक युवक प्रियंका से मोबाइल छीन कर फरार हो गया था। प्रियंका ने घर पहुंच कर घटना के बारे में पति लालचंद को बताया। लालचंद ने बीकानेर में शिकायत देकर जीरो एफआइआर दर्ज करवाई। इस केस को गोहाना जीआरपी के पास ट्रांसफर किया गया। जीआरपी गोहाना के इंचार्ज उप निरीक्षक राजवीर सिंह को मोबाइल नंबर की लोकेशन रोहतक की मिली। इस पर वे सहायक उप निरीक्षक विकास और राजकुमार के साथ रोहतक गए और आरोपित सांपला निवासी गौरव को गिरफ्तार किया। वह एक फैक्ट्री में काम करता था। पुलिस ने आरोपित से मोबाइल बरामद कर लिया।