जींद : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग को विश्वभर में लोकप्रिय बनाया : डा. मिड्ढा
जींद, 22 मई । डीएवी पब्लिक स्कूल में हरियाणा योग आयोग, आयुष विभाग, आर्य युवा समाज, पतंजलि योग संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय मेगा योगा शिविर रविवार को संपन्न हुआ। शिविर का संचालन हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन डा. जयदीप आर्य ने किया। समापन समारोह में मुख्यअतिथ जींद के विधायक कृष्ण चंद मिड्ढा रहे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व स्तर पर योग का डंका बजा कर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित करवाया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश में सबसे पहले योग आयोग संस्था का गठन कर योग को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प किया है। उन्होंने कहा योग एक ऐसी विधा है जिसके माध्यम से हम सुख और शांति प्राप्त कर सकते हैं। योग से हमारा शरीर स्वस्थ बनता है, स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ दिमाग रहता है। जब दिमाग स्वस्थ होगा तो हमारे काम भी स्वस्थ होंगे जिसके परिणाम स्वरूप हमारा समाज और देश भी स्वस्थ बनेगा और सब निरोग बन कर के शक्तिशाली होंगे तथा देश की सेवा करने में सक्षम होंगे।
उन्होंने सभी लोगों से अपने जीवन में योग के लिए समय निकालने की अपील की। हरियाणा योगा एसोसिएशन के चेयरमैन डा. धर्मदेव विद्यार्थी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग को विश्व भर में इतना लोकप्रिय किया कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया गया। डीएवी संस्थाएं पढ़ाई के साथ-साथ संस्कारों की शिक्षा भी देतीहै। योग को खेल का दर्जा दिया गया है। अब योग केवल अध्यात्म का विषय ही नहीं है अपितु खेल का विषय है जिसमें प्रत्येक आयु वर्ग का व्यक्ति भाग लेकर मेडल जीत सकता है। निरोग होकर के हम सभी समस्याओं का निवारण कर सकते हैं और अच्छे देश भक्त बन सकते हैं। कार्यक्रम में नगर की प्रसिद्ध संस्थाएं ब्रह्म कुमारी, पतंजलि योग संस्थान, स्वाभिमान भारत, सीनियर सिटीजन फोरम, धर्म संस्थान सहित हजारों बच्चों और अभिभावकों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया।