राष्ट्रीय

पूर्वी उप्र से लोकसभा चुनाव 2024 की हुंकार भरेंगे जेपी नड्डा

लखनऊ, 19 जनवरी । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पूर्वी उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले से 2024 के लोकसभा चुनाव की हुंकार भरेंगे। अध्यक्षीय कार्यकाल में डेढ़ साल का विस्तार मिलने के बाद वह शुक्रवार को एक जनसभा को सम्बोधित कर पूर्वी उप्र की जनता को साधने की कोशिश करेंगे। इसके लिए वह गुरुवार को ही वाराणसी पहुंच रहे हैं। उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेन्द्र सिंह के भी काशी दौरे पर गुरुवार की देर शाम तक पहुंचने का कार्यक्रम निर्धारित है।

भाजपा ने आगामी लोकसभा चुनाव 2024 की जमीनी तैयारी अभी से शुरू कर दी है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उप्र में 2019 की तुलना में बेहतर करने की कोशिश में है। इसीलिए पूर्वांचल की कमान खुद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सम्भाल ली है। भाजपा अध्यक्ष शुक्रवार को गाजीपुर में विशाल रैली कर लोकसभा चुनाव 2024 की हुंकार भरेंगे। वर्ष 2017 के विधान सभा चुनाव की बात करें तो उस समय भाजपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कमजोर मानी जा रही थी। इसलिए अमित शाह ने स्वयं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कैराना से चुनाव अभियान की शुरुआत की थी। वह घर-घर जाकर मतदाताओं से सम्पर्क साधे थे।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता संजय चैधरी ने बताया कि सभी चुनाव भाजपा पूरी गंभीरता से लेती है। भाजपा के आम कार्यकर्ता से लेकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तक चुनाव में लगते हैं। जेपी नड्डा का गाजीपुर में कार्यक्रम तय है। वह वहां पर पार्टी पदाधिकारियों और बूथ समिति के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे।

पूर्वांचल में भाजपा कमजोर

पूर्वी उप्र में भाजपा कमजोर है। 2022 के विधानसभा चुनाव में पूर्वांचल के कई जिलों जैसे अम्बेडकरनगर, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ व गाजीपुर में भाजपा की स्थिति ठीक नहीं थी। भाजपा को कम सीटें मिलने के पीछे की कई वजहें गिनाई जाती हैं। भाजपा उसका हल निकालने के लिए काम करना शुरू कर दिया है। पार्टी का शीर्ष नेतृत्व इस बार पूरब की कमान स्वयं अपने हाथ में लेना चाहता है।

बूथ स्तरीय कमेटी को मजबूत करेगी भाजपा

भाजपा बूथ स्तरीय कमेटियों को मजबूत करने पर बल दे रही है। इस बहाने निचले स्तर के भाजपा कार्यकर्ता को पार्टी सक्रिय करेगी। कल गाजीपुर दौरे पर आने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बूथ समिति की बैठक में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा पूर्व सैनिकों के साथ भी संवाद का उनका कार्यक्रम तय है। गाजीपुर में राष्ट्रीय अध्यक्ष की एक जनसभा भी प्रस्तावित है।

काशी में भव्य स्वागत की तैयारी

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा अध्यक्षीय कार्यकाल के विस्तार के बाद पहली बार दो दिवसीय दौरे पर काशी पहुंच रहे हैं। काशी में उनके भव्य स्वागत की तैयारी की गयी है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चैधरी वाराणसी के बावतपुर एआरपोर्ट पर स्वागत करेंगे। गुरुवार रात विश्राम जेपी नड्डा काशी में करेंगे। इसके बाद शुक्रवार को भाजपा अध्यक्ष काशी विश्वनाथ का दर्शन करने के बाद गाजीपुर जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker