भ्रष्टाचार के आरोप मंत्री सत्येन्द्र जैन को हटाएं केजरीवाल : बिधूड़ी
नई दिल्ली, 24 जून । दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भ्रष्टाचार के आरोपी मंत्री सत्येन्द्र जैन को मंत्रिपद से तुरंत हटा देना चाहिए। शुक्रवार को बिधूड़ी ने एक बयान जारी कर कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है। केजरीवाल सरकार के एक मंत्री भ्रष्टाचार के आरोप में जेल में हैं और राज्य के मुख्यमंत्री अक्सर दूसरे राज्यों में चुनावी तैयारियों में लगे रहते हैं।
बिधूड़ी ने कहा कि केजरीवाल सरकार पर भ्रष्टाचार के अनेक आरोप लग रहे हैं। दिल्ली में सात अस्थाई अस्पतालों के निर्माण को लेकर बड़ा घपला सामने आया है क्योंकि अस्पताल सिर्फ कागजों में ही चल रहे हैं। इस बारे में जब उपराज्यपाल ने एंटी करप्शन ब्यूरो को जांच की अनुमति दी तो दिल्ली सरकार तिलमिलाकर उपराज्यपाल पर ही नियमों का उल्लंघन करने का आरोप लगाने लगी। उन्होंने कहा कि राजधानी में पेयजल की किल्लत है। सड़कें, परिवहन बदहाल हैं। उसके बाद भी केजरीवाल ईमानदार पार्टी होने का दावा करते हैं।
उल्लेखनीय है कि आज दिल्ली भाजपा विधायक दल ने दिल्ली विधानसभा का तुरंत सत्र बुलाने की मांग की है। विधायक दल की बैठक में कहा गया कि केजरीवाल सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। भ्रष्टाचार के आरोप में मंत्री जेल में है और वह खुद अपनी याद्दाश्त कमजोर होने की बात स्वीकार कर चुके हैं। उन्हें अब तक मंत्रिपद से नहीं हटाया गया। दिल्ली में पीने के पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। सरकार से इन सभी मुद्दों पर जवाब के लिए तुरंत विधानसभा सत्र बुलाया जाए।