राष्ट्रीय

नामांकन के बाद खड़गे ने कांग्रेस नेताओं का जताया आभार

नई दिल्ली, 30 सितंबर। कांग्रेस अध्यक्ष पद के नामांकन के बाद मल्लिकार्जुन खड़गे ने कांग्रेस नेताओं के प्रति आभार जताया है। खड़गे ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि वह उन सभी कांग्रेसजनों के प्रति आभारी हैं जिन्होंने उन्हें नामांकन भरने के लिए प्रेरित किया है।

खड़गे ने कहा कि आज उन्होंने अपना नामांकन पत्र पेश किया है। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके लिए वह सभी के आभारी हैं। खड़गे ने कांग्रेस के सारे डेलीगेट्स जो वोटर्स हैं उनसे अनुरोध किया कि वह सभी उनके पक्ष में ज्यादा से ज्यादा मतदान कर उन्हें जिताएं। खड़गे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के जो उसूल हैं, जो आईडियोलॉजी है, उस आइडियोलॉजी के साथ वह बचपन से जुड़े हैं। जब वह 8वीं, 9वीं में पढ़ते थे तब वह कांग्रेस से जुड़े हैं।

उल्लेखनीय है कि खड़गे का जन्म 21 जुलाई 1942 में कर्नाटक राज्य के बीदर जिले के वारावत्ती गांव में हुआ था। इनके पिता का नाम मापन्ना और माता का नाम साईबाव्वा खड़गे और पत्नी का नाम राधाबाई है। खड़गे ने कर्नाटक से अपनी सारी पढ़ाई पूरी की है। उन्होंने बीए, एलएलबी सरकारी आर्ट एंड साइंस कॉलेज गुलबर्गा से किया था। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत बतौर एक छात्र संघ के नेता के तौर पर की थी। खड़गे कॉलेज के दिनों में छात्रसंघ के महासचिव चुने गए थे।

किसान परिवार में जन्में खड़गे कर्नाटक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के रूप में भी काम कर चुके हैं। वह पहली बार वर्ष 1972 में कर्नाटक विधानसभा चुनाव में गुरमितकाल क्षेत्र से विधायक चुने गए। खड़गे लगातार इसी सीट से 09 बार विधायक रहे हैं। बाद में वर्ष 2009 में गुलबर्गा लोकसभा सीट से चुनाव जीत कर सांसद बने। वर्ष 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में भी उन्होंने इस सीट से जीत हासिल की और सांसद बने। खड़गे वर्ष 2013-14 में रेल मंत्री भी रहे। लेकिन वर्ष 2019 के लोकसभा में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। वर्ष 2020 में खड़गे को कर्नाटक से राज्यसभा के लिए चुना गया था। बाद में पार्टी ने उन्हें वर्ष 2021 में राज्यसभा के नेता प्रतिपक्ष के रूप में नियुक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker