लड़की से छेड़छाड़ करने वाले मजनू की परिजनों ने की पिटाई
फतेहाबाद, 21 मई। जिले के शहर रतिया में शनिवार को एक स्कूली छात्रा से छेड़छाड़ करने वाले मजनूं की लड़की के परिजनों ने जमकर पिटाई की और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर के एक मोहल्ले की रहने वाली लड़की कन्या स्कूल में पढ़ाई करने के लिए पैदल जाती थी।
पिछले कुछ दिनों से उसे एक मजनूं न केवल परेशान कर रहा था बल्कि उससे छेड़छाड़ भी करता था। लड़की ने इस बारे में अपने परिजनों को सूचित कर दिया, जिसके बाद परिजनों ने लड़की को एक मोबाइल दे दिया। आज उक्त मजनू जैसे ही लड़की से छेड़छाड़ करने लगा तो लड़की ने अपने परिजनों को फोन कर दिया। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और छेड़छाड़ कर रहे मजनू की जमकर पिटाई कर डाली।
इस दौरान मौके पर काफी संख्या में भीड़ भी पहुंच गई और ट्रैफिक पुलिस के कर्मचारी भी मौके पर आ गए। उन्होंने युवक को छुड़वाने की काफी कोशिश की। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचित कर दिया जिसके बाद पुलिस कर्मचारी उक्त मजनू को हिरासत में लेकर थाने में ले गए। बताया गया है कि जैसे ही इसकी सूचना मजनू के घरवालों को लगी तो वह भी थाने में पहुंच गए। पुलिस द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है।