राज्य मंत्री मंडी समिति का औचक निरीक्षण किया,अनुपस्थित कर्मचारियों के विरूद्ध दिए सख्त आदेश
रायबरेली, 12 नवम्बर। प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने शनिवार को जिले की राज्य कृषि उत्पादन मण्डी समिति, लालगंज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मण्डी में गन्दगी व शौचालय गन्दे होने पर रोष व्यक्त किया। उन्होंने मण्डी सचिव को मण्डी परिसर में साफ-सफाई एवं वृक्षारोपण के निर्देश दिये गये।
राज्य मंत्री ने कार्यालय के उपस्थिति पंजिका को देखा और अनुपस्थित कर्मचारियों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही करने के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिये। उन्होंने व्यापारियों की पेय जल की समस्या के निदान के लिए भी मौके पर उपस्थित अधिकारियों को सख्त हिदायत दी और आवक-जावक से सम्बन्धित पंजिका का भी अवलोकन किया। दिनेश प्रताप सिंह ने मण्डी सचिव को 15 दिवस में मण्डी को साफ-सुथरा करने एवं आम जन, कृषक एवं व्यापारियों को मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।