नामीबियाई कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने जीता आईसीसी मेन्स एसोसिएट क्रिकेटर ऑफ द ईयर 2022 का पुरस्कार
दुबई, 25 जनवरी। नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस को बुधवार को आईसीसी मेन्स एसोसिएट क्रिकेटर ऑफ द ईयर 2022 के पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इरास्मस ने 2022 में एकदिनी और टी-20 क्रिकेट दोनों प्रारूपों में अपनी छाप छोड़ी है।
वर्ष 2022 में, 27 वर्षीय इरास्मस ने 21 एकदिवसीय मैचों में 56.23 की औसत से एक शतक और आठ अर्धशतक के साथ 956 रन बनाए। उन्होंने प्रारूप में 27.66 के औसत और 4.04 की इकॉनमी रेट से 12 विकेट भी लिए। उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 121 रन था जो ओमान के खिलाफ आया था।
इसके अलावा उन्होंने 11 टी20 अंतरराष्ट्रीय में 38.25 की औसत से एक शतक और एक अर्धशतक के साथ 306 रन बनाए। उन्होंने प्रारूप में छह विकेट भी लिए। ये रन 122.40 के स्ट्राइक रेट से आए। उन्होंने नामीबिया को वर्ष में अपने 21 एकदिवसीय मैचों में से 13 जीत दिलाई।