हरियाणा

स्वच्छ राजनीति करने भाजपा में आए कुलदीप बिश्नोई का स्वागत: नवीन गोयल

-डूबते जहाज कांग्रेस को छोड़कर कुलदीप बिश्नोई भाजपा में हुए हैं शामिल

सिद्धार्थ राव, गुरुग्राम। गुरुवार को कांग्रेस के पूर्व विधायक कुलदीप बिश्नोई के भाजपा में शामिल होने पर स्वागत करते हुए पर्यावरण संरक्षण विभाग भाजपा हरियाणा प्रमुख नवीन गोयल ने कहा कि स्वच्छ राजनीति करने के लिए उन्होंने भाजपा में शामिल होने का सही निर्णय लिया है।
श्री गोयल ने कहा कि कांग्रेस ने चौधरी भजनलाल के साथ साल 2005 में जो धोखा किया था, उसी का परिणाम है कि आज कांग्रेस अपना अस्तित्व बचाने के लिए जूझ रही है। इसमें कोई दोराय नहीं कि भविष्य में कांग्रेस और भी गर्त में जाएगी। कांग्रेस का पतन निश्चित है। ऐसा इसलिए कि आज की कांग्रेस जनहित के मुद्दों पर बात करने की बजाय, आंदोलन करने की बजाय आपस में उलझी हुई है। कांगे्रस के मठाधीन बने बैठे गांधी परिवार अपने बचाव के लिए कार्यकर्ताओं का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्हें ढाल बना रहे हैं। कार्यकर्ता उनके निजी स्वार्थों के लिए हंगामा कर रहे हैं। ऐसी कार्यशैली वाले राजनीतिक दल कभी उभर नहीं सकते।
नवीन गोयल ने कहा कि कुलदीप बिश्नोई के कांग्रेस में रहते हुए उनका सदा ही सम्मान गिराया गया है। वे कांग्रेस में फिर भी ईमानदारी से काम करते रहे, लेकिन उनकी ईमानदारी को उनकी कमजोरी समझा गया। अपने नेताओं, कार्यकर्ताओं के सम्मान को इस तरह से गिराने वाली कांग्रेस से पहले भी बड़े नेताओं ने किनारा करके भाजपा में राजनीतिक जमीन मजबूत की है। आज भी ऐसा हुआ है और आगे भी होगा। कांग्रेस अपने नेताओं को ही सम्मान और विश्वास नहीं दे पा रही। श्री गोयल ने कहा कि हरियाणा में कुलदीप बिश्नोई के आने से भाजपा को भी लाभ होगा और उनकी राजनीति स्वच्छता आधारित होगी। कांग्रेस में सदा उन पर छींटाकशी ही की गई है।
उन्होंने कहा कि हजकां का कांग्रेस में विलय करके कुलदीप बिश्नोई ने बड़ा दिल दिखाया था। सब गिले-शिकवे भुलाकर वे कांग्रेस में गए थे। इसके बावजूद कांग्रेस आलाकमान ने कभी उनकी शिकायत, सुझाव और समस्याएं सुनने से परहेज किया। कांग्रेस की अपनी राजनीतिक मजबूती लगातार धराशायी हो रही है। सब जानते हैं कि दो दलित प्रदेश अध्यक्षों को किनारे करके किस तरह से कांग्रेस ने दलितों का अपमान किया था। एक गुट को ही कांग्रेस हरियाणा में मजबूत मानती रही है। यही कारण है कि आज कांग्रेस एकजुटता की बजाय बिखराव की ओर अग्रसर है। नवीन गोयल ने कहा कि हरियाणा कांग्रेस के और भी नेता उपेक्षित हो रहे हैं। वे भी निकट भविष्य में बड़ा निर्णय ले सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker