नवीन जयहिंद ने जींद में बेरोजगारों की बारात के लिए दिया न्यौता
जींद, 7 जनवरी । आम आदमी पार्टी के पूर्व में नेता रहे नवीन जयहिंद ने दुष्यंत चौटाला तथा ओमप्रकाश धनखड़ पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों नेता खेल मंत्री से छेडछाड़ का शिकार हुई लड़की को न्याय दिलाने में नाकाम रहे हैं। लड़की तथा खेल मंत्री का नारको टैस्ट करवाना चाहिए। जो भी दोषी मिले, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि विपक्ष पूरी तरह गूंगा तथा बहरा हो चुका है। सरकार ने उनकी लंबी चौड़ी फाइलें बनाई हुई हैं। जबकि छेडछाड़ के आरोप लगते ही पुलिस जांच किए बगैर आरोपित को जेल में डाल देती है। उन्होंने मांग की कि जेल मंत्री को तुरंत प्रभाव से हटाया जाना चाहिए। उन्होंने कंडेला खाप तथा माजरा खाप का आभार जताया और कहा कि खापों का वजूद है तो न्याय संभव है। खापें जनमुद्दों व समस्याओं को लेकर संघर्ष करें और लोगों की आवाज उठाएं।
नवीन जयहिंद शनिवार को विश्राम गृह में बेरोजगारों की बारात के सिलसिले में लोगों को न्यौता देने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नसमस्याओं व मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ 14 जनवरी को मकर संक्रांति के अवसर पर रोहतक के मान सरोवर पार्क से भाजपा पार्टी मुख्यालय तक बेरोजगारों की बारात निकाली जाएगी। सरकार का समस्याओं के निदान से कोई सरोकार नहीं है जबकि विपक्ष जनता की समस्याओं को नहीं उठा रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने आठ साल पहले कुंवारों के ब्याह करवाने की बात कही थी। ब्याह तब होंगे जब बेरोजगारों को रोजगार मिलेगा। अब उन कंवारों की संख्या कई हजार बढ़ चुकी है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारों की बारात के पीछे कई अहम जनसमस्याएं तथा मुद्दे हैं। सरकार को सचेत करने तथा लोगों को जागरूक करने के लिए सरकार के खिलाफ यह बारात निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि चार हजार बेरोजगारों का बारात में शामिल होने के लिए रजिस्ट्रेशन हो चुका है। यह बारात अंबानी के बेटे की बारात से कहीं बड़ी होगी। जो लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ सरकार को चेताने का काम करेगी।