मंगल पड़ाव मछली मार्केट में बनी 35 दुकानों पर नोटिस चस्पा
हल्द्वानी
नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम एवं जिला प्रशासन ने अतिक्रमण अभियान पर ब्रेक लगाते हुए अतिक्रमणकारियों को नोटिस थमाने का सिलसिला शुरू कर दिया है। इसी क्रम में शुक्रवार के दिन मुख्य नगर आयुक्त पंकज उपाध्यक्ष के निर्देश में निगम कर्मचारियों के द्वारा मंगल पड़ाव मछली मार्किट में बनी लगभग 35 दुकानों में नोटिस चस्पा किया। नोटिस में नगर आयुक्त ने कहा कि आपके द्वारा उत्तर प्रदेश (उत्तराखण्ड) नगर निगम अधिनियम 1959 की सुसंगत धाराओं का उल्लंघन करते हुए अपने फड़ एवं खोखे का निर्माण किया गया है। उक्त निर्माण से यातायात नकारात्मक रूप से प्रभावित हो रहा है, तथा सम्पूर्ण क्षेत्र में गंदगी रहती है। नगर निगम अधिनियम की धारा 327 के अधीन प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए में नगर आयुक्त नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम आपसे अपेक्षा करता हूं कि 04 अप्रैल से पूर्व उक्त निर्माण के वैध स्वामित्व एवं निर्माण से सम्बंधित स्वीकृति अभिलेख प्रस्तुत करें अन्यथा निर्धारित तिथि उपरांत उक्त निर्माण को पूर्णतः अवैध मानते हुए नगर निगम द्वारा ध्वस्त कर दिया जायेगा। जिसकी वसूली आपसे की जायेगी।