पंचकूला: भाजपा का शहरी सरकारों को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प
पंचकूला/चंडीगढ़, 15 जून। बुधवार को शहरी निकाय मंत्री कमल गुप्ता की अगुवाई में पंचकूला सेक्टर-3 स्थित भाजपा कार्यालय में संकल्प पत्र जारी किया गया। संकल्प में मुख्यत 27 बिंदू हैं, जिन पर भाजपा प्रमुखता के साथ काम करेगी।
शहरी निकाय मंत्री कमल गुप्ता ने कहा कि भाजपा संकल्प है कि हरियाणा की सभी नगर परिषद व नगर पालिका के क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर, हरा-भरा व आत्मनिर्भर बनाकर देश के अग्रणी शहरों में शामिल करवाना तथा नगर परिषद व नगर पालिका के अंतर्गत आने वाले गांव व कालोनियों में विकास कार्यों में तेजी लाना व उन्हें मूलभूत सुविधाएं देकर और सुदृढ़ बनाना है। संकल्प पत्र की लाचिंग के दौरान संकल्प पत्र कमेटी के सदस्य पंचकूला नगर निगम मेयर कुलभूषण गोयल, यमुनानगर नगर निगम मेयर मदन चौहान, वन विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष जवाहर सैनी, करनाल नगर निगम की मेयर रेनू बाला गुप्ता, रोहतक नगर निगम के मनमोहन गोयल, भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ संजय शर्मा व सह मीडिया प्रभारी संजय आहूजा प्रमुख रूप से मौजूद रहे।