पंचकूला: डिप्लोमा वैटरनरी एसोसिएशन का धरना जारी
पंचकूला, 15 जुलाई। डिप्लोमा वैटरनरी एसोसिएशन हरियाणा संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा द्वारा वीएलडीए कर्मचारियों एवं पशुपालकों की विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को भी 31वें दिन भी आंदोलन जारी रहा। महानिदेशक कार्यालय पर धरना प्रदर्शन में शुक्रवार को यमुनानगर के प्रधान शमशेर नैन, धर्मबीर, अशोक गोयल सहित अन्य वीएलडीए उपस्थित रहे।
एसोसिएशन के राज्य प्रधान बिजेंद्र सिंह बैनीवाल, महासचिव रामफल राहड़, कोषाध्यक्ष नरेंद्र सांगवान, वरिष्ठ उप प्रधान शील सांगवान एवं उप महासचिव बिजेंद्र जांगड़ा ने बताया कि पशुपालन विभाग के महानिदेशक द्वारा लगातार वीएलडीए कर्मचारियों एवं पशुपालकों की मांगों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के पशु अस्पतालों में पशुओं को देने के लिए आवश्यक एवं आधारभूत दवाईयां भी उपलब्ध नहीं हैं।
उन्होंने बताया कि पशुओं के जख्म पर करने के लिए मरहम पट्टी नहीं है,घाव को साफ करने के लिए लाल दवाई उपलब्ध नहीं है,इसी तरह से खनिज मिश्रण उपलब्ध नहीं है जो वर्तमान में पशुओं के लिए बहुत जरूरी है क्योंकि पशुओं में बांझपन से लेकर गर्भ धारण करने सहित अन्य बीमारियों का मुख्य कारण खनिज तत्वों की कमी होना होता है। पशुपालन विभाग द्वारा लगभग दस वर्ष पहले पशु अस्पतालों में खनिज मिश्रण की सप्लाई उपलब्ध करवाई गई थी लेकिन पिछले दस वर्षों से अब तक खनिज मिश्रण उपलब्ध नहीं करवाया गया है। इसके साथ ही अन्य सामान्य एवं आधारभूत दवाईयां उपलब्ध नहीं हैं जिनके बिना पशु अस्पताल की कल्पना भी नहीं की जा सकती। बेसहारा पशुओं की संख्या रोजाना बढ़ती ही जा रही है जिस कारण न केवल किसानों की फसलों को नुक्सान हो रहा है बल्कि रोजाना सड़कों पर घूमने वाले बेसहारा पशुओं के कारण हजारों लोगों की दुर्घटना में जान भी जाती है।