उत्तर प्रदेश

हर बूथ पर मनाई जायेगी पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती

गोरखपुर, 24 सितंबर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी और महामंत्री संगठन धर्मपाल ने शनिवार को अवध, काशी और गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष व मंडल अध्यक्षों के साथ वर्चुवली बैठक की। इस दौरान सेवा पखवारा के अंतर्गत 25 सितम्बर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती और मन की बात कार्यक्रम की तैयारी के निमित्त चर्चायें हुई। इन कार्यक्रमों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में किया जाना है।

वर्चुवल बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि 25 सितंबर को आयोजित होने वाले दोनों कार्यक्रम बड़ा और अति महत्वपूर्ण हैं। संगठन की दृष्टि से यह राष्ट्रीय कार्यक्रम है, जिसे हर बूथ पर आयोजित किया जाना है। इसके तहत हर बूथ पर पार्टी के कार्यकर्ता सुबह 11 बजे से पहले इकट्ठा होंगे।

उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात सुननी है। इसके बाद पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती का कार्यक्रम होगा। प्रदेश अध्यक्ष ने दोनों कार्यक्रमो में जनप्रतिनिधियों, मोर्चा, प्रकोष्ठ के पदाधिकारीयों के सहयोग की अपेक्षा की और कहा कि हर बूथ पर एक अच्छे वक्ता की उपस्थिति सुनिश्चित करें। जो पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के प्रेरणादायी जीवन पर प्रकाश डाल सके।

प्रदेश के महामंत्री संगठन धर्मपाल ने वर्चुवल बैठक को संबोधित करते हुए अवध, काशी और गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्षों से 25 सितम्बर को होने वाले दोनों कार्यक्रमों की तैयारी की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के निम्मित शक्ति केंद्र प्रमुख, प्रभारी, बूथ प्रमुख और पन्ना प्रमुखों का विशेष योगदान है। ऐसे में इनकी सक्रियता पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा का संगठन सशक्त है। यहां बूथ स्तर तक पार्टी का प्रभावी नेटवर्क है। इसलिए परिणाम भी इसी के अनुरूप आना चाहिए। महामंत्री संगठन ने सेवा पखवारा के अंतर्गत चलने वाले आगे के कार्यक्रमों की विस्तार से चर्चा की और इन्हे सफल बनाने की अपील की।

क्षेत्रीय अध्यक्ष व एमएलसी डा धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि गोरखपुर क्षेत्र के 286 मंडल के 27639 में से 26988 बूथों पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम की तैयारी कर ली गई है। इन सभी बूथों पर संयोजक तय कर लिए गए हैं। इसी तरह 3398 बूथों पर जनप्रतिनिधि और भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। सभी जिलाध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष दोनों कार्यक्रमो को सफल बनाने हेतु लगे हुए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker