शादी समारोह में गोली चलाने वाले एक आरोपित को पुलिस ने किया गिरफ्तार
गन्नौर। अगवानपुर गांव में शादी समारोह में दूल्हे के चचेरे भाई व भांजे को गोली मार कर घायल करने के एक आरोपित को गन्नौर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने नसीम उर्फ बॉक्सर सोनीपत के खेवड़ा का रहने वाला है। आरोपित को अदालत में पेश किया गया जहां उसे जेल भेज दिया गया। गौरलतब है कि गत नवंबर माह में गांव अगवानपुर निवासी विजय ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह अपने परिवार के सभी सदस्य और सगे संबंधियों के साथ अपने चचेरे भाई सिमरन की घुड़चढ़ी कार्यक्रम में मौजूद था। इस दौरान उनके गांव का अश्वनी, राहुल, रब्बू, अभिषेक व गोहाना निवासी सन्नी सहित अन्य कार में सवार होकर आए और उस पर व उसके भांजे दिल्ली आदर्श नगर निवासी शिवा पर गोली चला दी थी। गोली लगने से वह और उसका भांजा घायल हो गए। गोली मारने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए थे। शिकायत पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त आरोपितों को पहले भी गिरफ्तार कर चुकी है। अब पुलिस ने नसीम उर्फ बॉक्सर सोनीपत के खेवड़ा को भी गिरफ्तार कर लिया है।