पंचकूला: हर वार्ड में जाकर कार्यकर्ताओं की लिस्ट तैयार करें पदाधिकारी: डॉ. अजय सिंह चौटाला
पंचकूला, 25 मई । जननायक जनता पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को पंचकूला स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाऊस में हुई। बैठक की अध्यक्षता जेजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने की। बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. अजय सिंह चौटाला ने कहा कि नगर निकाय चुनाव की घोषणा हो चुकी है तथा चार दिन बाद नामांकन की प्रक्रिया भी आरंभ हो जाएगी इसलिए हम सबका यह परम कर्तव्य है कि आगामी तीन दिनों के अंदर-अंदर जेजेपी का प्रत्येक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता जहां-जहां चुनाव होने हैं उन नगरपरिषद व नगरपालिका के प्रत्येक वार्ड में जाकर सूची तैयार करेगा।
उन्होंने कहा कि यह सूची अपने जिला प्रधान की मार्फत पार्टी प्रदेश कार्यालय पर भिजवाएं। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि जेजेपी का कार्यकर्ता चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने कहा कि वार्ड स्तर पर की गई तैयारी निकाय चुनाव में निर्णायक भूमिका निभाएगी। डॉ. चौटाला ने सदस्यता अभियान के लिए सभी पदाधिकारियों की पीठ थपथपाई और कहा कि उनकी मेहनत के कारण ही करीब सात लाख सदस्य पार्टी से जुड़े है। उन्होंने कहा कि पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों के संगठन विस्तार की कुछ लिस्टें अभी नहीं बनी है, संबंधित जिला प्रधान जल्द से जल्द लिस्ट तैयार कर पार्टी कार्यालय में भिजवाएं।
जेजेपी प्रदेशाध्यक्ष सरदार निशान सिंह ने कहा कि नगर निकाय का चुनाव आपसी भाईचारे का चुनाव है इसलिए सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता इस बात का विशेष ध्यान रखे कि चुनाव में भाईचारा खराब न हो। उन्होंने कहा कि जेजेपी चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है और बड़ी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी। पार्टी के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. केसी बांगड़ ने कहा कि पार्टी की सबसे बड़ी ताकत कार्यकर्ता है और कार्यकर्ताओं के दम पर ही चुनाव जीते जाते हैं। उन्होंने बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों से आह्वान किया कि चुनाव के लिए आज से ही जुट जाएं।
जेजेपी प्रधान महासचिव दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि डॉ. अजय सिंह चौटाला और उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला हर वर्ग में लोकप्रिय है और उनकी स्वच्छ छवि का लाभ हमें निकाय चुनाव में मिलेगा। बैठक को वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनंतराम तंवर, कैबिनेट मंत्री देवेंद्र बबली, राज्य मंत्री अनूप धानक, राष्ट्रीय संगठन सचिव राजेंद्र लितानी, विधायक ईश्वर सिंह, जोगीराम सिहाग, रामकरण काला, अमरजीत ढांडा, रामनिवास सुरजाखेड़ा, महिला प्रदेशाध्यक्ष शीला भ्याण, यूएलबी प्रकोष्ठ के प्रभारी ईश्वर सिंह मान, प्रदेश अध्यक्ष रोहित गनेरीवाला ने भी संबोधित किया।