राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति ने दी सिविल सेवा दिवस की शुभकामनाएं
नई दिल्ली। राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द और उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने गुरुवार को ‘सिविल सेवा दिवस’ पर सभी वर्तमान और पूर्व सिविल सेवकों को शुभकामनाएं दीं।
राष्ट्रपति कोविन्द ने ट्वीट संदेश में कहा, “सिविल सेवा दिवस पर सभी सिविल सेवकों, भूतपूर्व और वर्तमान को मेरी शुभकामनाएं। उन्होंने भारत को एक अग्रणी राष्ट्र के रूप में उभरने में योगदान दिया है। मैं उनसे अत्यंत समर्पण के साथ भारत की सेवा करना जारी रखने का आग्रह करता हूं, जैसा कि सरदार पटेल ने उन्हें सार्वजनिक सेवा की भावना के साथ प्रोत्साहित किया था।”
उपराष्ट्रपति नायडू ने ट्वीट संदेश में कहा, “सिविल सेवा दिवस पर सभी सिविल सेवकों को हार्दिक शुभकामनाएं। सरदार पटेल के सपनों का भारत बनाने की दिशा में आप सभी मनोयोग से रत हैं। अपेक्षा करता हूं कि लोक सेवाएं देश के विकास और उन्नति के लिए कार्य करती रहेंगी और समाज के वंचित वर्गों तक विकास के लाभ पहुंचाने का माध्यम बनेंगी।”