राष्ट्रीय

झारखंड के प्रोजेक्ट से होगा पूरे पूर्वी भारत का विकास : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी

-झारखंड को 16,835 करोड़ रुपए की 25 परियोजनाओं की सौगात

– राज्यपाल रमेश बैस और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रहे मौजूद

-प्रधानमंत्री ने बाबा मंदिर में की पूजा, देवघर में किया रोड शो

– मोदी पहले प्रधानमंत्री जिन्होंने की बाबा बैद्यनाथ की विधिवत पूजा

रांची, 12 जुलाई प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को बाबा नगरी देवघर से 16 हज़ार 8 सौ 35 करोड़ रुपए की 25 महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात झारखंड को दी। राज्यपाल रमेश बैस और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति में प्रधानमंत्री ने 10,270 करोड़ रुपए की लागत से तैयार देवघर एयरपोर्ट, देवघर एम्स और बाबा धाम का विकास समेत 13 परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित की। वहीं, रांची रेलवे स्टेशन का री- डेवलपमेंट और रांची में कचहरी चौक से पिस्का मोड़ एलिवेटेड कॉरिडोर सहित 12 परियोजनाओं की बुनियाद रखी। इन परियोजनाओं पर 6,565 करोड़ रुपए खर्च होंगे।

इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि बाबाधाम आकर मन प्रसन्न हो गया। आज यहां से झारखंड के विकास को गति देने का सौभाग्य मिल रहा है। ये परियोजनाएं ना सिर्फ झारखंड बल्कि बिहार और बंगाल समेत पूर्वी भारत के विकास को नई गति देगी। इससे जीवन आसान होगा और रोजगार, स्वरोजगार व्यापार, स्वास्थ्य और पर्यटन समेत अन्य कई क्षेत्रों में अनेक अवसर पैदा होंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि यहां से हवाई सेवा शुरू होने से बाबा के दर्शन करने के लिए आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं को सहूलियत होगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि देवघर एम्स के चालू होने से झारखंड के साथ बिहार और बंगाल के मरीजों का बेहतर इलाज संभव होगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि एयरपोर्ट शुरू हो जाने से झारखंड में पर्यटन का लाभ मिलने के साथ ही कारोबार को बढ़ावा मिलेगा। कोरोना के बावजूद देवघर एयरपोर्ट का काम तेजी से हुआ। इस एयरपोर्ट से हर साल आठ लाख लोग यात्रा कर पायेंगे। उड़ान योजना के तहत देश में कई एयरपोर्ट बनाये गये हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि चार साल में पहले एयरपोर्ट का उद्घाटन करने का मौका मिला। प्रधानमंत्री ने कहा कि हवाई चप्पल पहनने वालों को भी हवाई सफर कराना उनकी प्राथमिकता है। उड़ान योजना का यही उद्देश्य है। ऐसे कई लोग थे, जिन्होंने पहली बार एयरपोर्ट देखा और हवाई सफर किया। देवघर से कोलकाता की हवाई शुरू हो गयी है। दिल्ली समेत अन्य शहरों के लिए भी सेवाएं जल्द शुरू होंगी।

मोदी ने कहा कि नयी ट्रेनों के लिए रास्ते खुले हैं। चार साल पहले देवघर एयरपोर्ट का शिलान्यास किया था। आज दूसरा एयरपोर्ट आपको मिल रहा है। उन्होंने कहा कि रांची-जमशेदपुर के बीच सफर में खर्च में काफी कमी आयेगी। मोदी ने कहा कि कई ऐतिहासिक निर्णय लिए जा रहे हैं, जिससे उद्योगों को भी गति मिलेगी। सबका साथ, सबका विकास होगा। आकांक्षी जिलों पर फोकस है। इसका लाभ झारखंड के जिलों को मिल रहा है। मोदी ने कहा कि जब भी हम जनता की सेवा के लिए तत्पर होते हैं, तो बदलाव आता है। विकास के लिए यही जरूरी भी है।

केंद्र के सहयोग से झारखंड को अग्रणी राज्य बनाएंगे : हेमंत सोरेन

हेमंत सोरेन ने कहा कि आज का दिन झारखंड के इतिहास में लिए ऐतिहासिक है। आज सिर्फ देवघर के लिए नहीं पूरे झारखंड के लिए ऐतिहासिक दिन है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जिन विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास हुआ है, उससे राज्य के विकास को निश्चित तौर पर नई दिशा मिलेगी। ये योजनाएं झारखंड के लिए मील का पत्थर साबित होंगी। उन्होंने कहा कि विकास में सड़कों का अहम रोल होता है। चाहे वह रोड कनेक्टिविटी हो या फिर हवाई अथवा जलमार्ग। यह कनेक्टिविटी जितनी तेजी से बढ़ेगी, राज्य के विकास को तेजी मिलेगी। मुख्यमंत्री ने साहिबगंज जलमार्ग के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो सपना हम देखते हैं और जब वह पूरा होता है तो काफी खुशी मिलती है। आज देवघर एयरपोर्ट से विमान सेवा शुरू होने का सपना साकार हो रहा है। लेकिन, हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि इसके निर्माण में मजदूरों का अहम योगदान रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवघर एयरपोर्ट के निर्माण में तीन सौ रैयतों ने अपनी जमीन दी है। इस वजह से जो विस्थापित हुए हैं और आज जब यह एयरपोर्ट राष्ट्र को समर्पित किया जा रहा है तो उन सभी का हम शुक्रिया अदा करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के विकास में शुरू से ही झारखंड का अहम योगदान रहा है । खनिजों के साथ-साथ यहां के मजदूर देश के विभिन्न हिस्सों में अपनी मेहनत और सेवा की बदौलत विकास का नया पैमाना गढ़ रहे हैं। अगर केंद्र सरकार का सहयोग मिला तो अगले पांच से सात वर्षों में झारखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के सपने को सरकार करेंगे।

उन्हाेंने कहा कि किसी भी महल या मकान को बनाने में मजदूर की सबसे बड़ी भूमिका होती है लेकिन मकान बनाने के बाद मजदूर को भूल जाते हैं। झारखंड भी उसी मजदूर की तरह देश को आदिकाल से अपनी जमीन से लोहा कोयला और बहुत कुछ दे रहा है लेकिन अभी भी उपेक्षित है। झारखंड देश को आगे बढ़ने के लिए बहुत कुछ दिया है।

दुमका,जमशेदपुर और बोकारो जल्दी ही हवाई मानचित्र में शामिल होंगे : सिंधिया

कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि झारखंड में हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने की योजना तैयार कर ली गई है। जमशेदपुर, दुमका और बोकारो भी जल्द ही हवाई मानचित्र में शामिल हो जाएंगे। इसके अलावा राज्य में 14 नए रूटों पर हवाई सेवा शुरू करने की दिशा में तेजी से पहल हो रही है। इस अवसर पर राज्यपाल ने प्रधानमंत्री को रुद्राक्ष की माला और पुस्तक भेंट की। मुख्यमंत्री ने बाबा वैद्यनाथ मंदिर का मॉडल स्वरूप प्रधानमंत्री को प्रदान कर सम्मानित किया।

गुजरात का देवघर से एक कनेक्शन : निशिकांत दुबे

स्वागत भाषण में गोड्डा सांसद मिशिकांत ने कहा कि गुजरात का देवघर से एक कनेक्शन है। महात्मा गांधी ने देवघर से आजादी की लड़ाई की शुरुआत की बात कही थी। साथ ही उन्हीं के प्रयास से देवघर बाबा मंदिर में अछूतों का प्रवेश संभव हो पाया। निशिकांत दुबे ने कहा कि पीएम मोदी महात्मा गांधी के एजेंडे को आगे लेकर जा रहे हैं। उन्होंने एक अनुसूचित जनजाति से आने वाली महिला द्रोपदी मुर्मू को राष्ट्रपति उम्मीदवार बनाकर महात्मा गांधी के कड़ी को आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि गुड्डा लोकसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री की तरफ से एक लाख करोड़ की योजना की स्वीकृति दी गयी है। योजनाएं इतनी की गिनती शुरू करूं तो 20 मिनट लग जाएंगे। आखिर में दुबे ने मोदी को महामानव कह कर संबोधित किया और अपना स्वागत भाषण खत्म किया।

प्रधानमंत्री ने देवघर-कोलकाता-देवघर विमान सेवा का शुभारंभ किया

प्रधानमंत्री ने इंडिगो के (सीईओ) रोनो दत्ता और चीफ ऑफ फ्लाइट ऑपरेशन आशू मिश्रा को उड़ान ध्वज प्रदान कर देवघर-कोलकाता- देवघर विमान सेवा का शुभारंभ किया।

प्रधानमंत्री का रोड शो, गूंजा हर-हर मोदी का नारा

इसके बाद प्रधानमंत्री यहां से करीब 11 किलोमीटर रोड शो करते हुए बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर पहुंचे और विधिवत पूजा-अर्चना की। रोड शो में मोदी का जलवा देखते ही बन रहा था। मानो पूरा झारखंड ही अपने प्रधानमंत्री के स्वागत में उमड़ पड़ा हो।एक घंटे से अधिक चले इस रोड शो में हर-हर महादेव का नारा पूरी नगरी में गूंजता रहा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के पहले राजनेता बन गए, जिन्होंने प्रधानमंत्री पद पर रहते हुए देवघर में 12 ज्योतिर्लिंगों में नौवां ज्योतिर्लिंग बाबा बैद्यनाथ की पूरे वैदिक रीति-रिवाज से पूजा-अर्चना की। देवघर मंदिर के प्रमुख पंडा ने प्रधानमंत्री को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा करायी। प्रधानमंत्री ने देवघर के मनोकामना लिंग पर जलार्पण किया।

इन परियोजनाओं की मिली सौगात

देवघर एयरपोर्ट (401 करोड़ रुपए)

बाबा वैद्यनाथ का विकास (30 करोड़)

गोरहर से खैराटूंडा सिक्स लेन सड़क (1790 करोड़)

खैराटूंडा से बरवाअड्डा सिक्स लेन (1332.8 करोड़)

रांची- महुलिया फोर लेन (549 करोड़)

चौका-साहेरबेड़ा फोर लेन (284.8 करोड़)

गोविंदपुर- चास-वेस्ट बंगाल बॉर्डर फोर लेन (1144 करोड़)

बोकारो-अंगुल- जगदीशपुर- हल्दिया पाइपलाइन (2500 करोड़)

बरही एलपीजी प्लांट- (161.5 करोड़)

बोकारो एलपीजी- (93.4 करोड़)

गढ़वा-महुरिया रेलवे डबलिंग प्रोजेक्ट-(866 करोड़)

हंसडीहा-गोड्डा रेलवे इलेक्ट्रिफिकेशन (35 करोड़)

एम्स, देवघर (1103 करोड़)

इन योजनाओं शिलान्यास

मिर्जाचौकी- फरक्का फोरलेन (1302 करोड़)

हरिहरगंज से परवा मोड़ फोरलेन (1016 करोड़)

पलमा-गुमला सेक्शन फोर लेन (1564 करोड़)

रेहला-गढ़वा बाइपास फोरलेन (888 करोड़)

रांची में कचहरी चौक से पिस्का मोड़ एलिवेटेड कॉरिडोर (534. 7 करोड़)

रांची में इटकी आरओबी (108.3 करोड़)

एनएच-75 पर पेव्ड सोल्डर के साथ टू लेन (315. 21 करोड़)

एनएच-133 पर पेव्ड सोल्डर के साथ टू लेन—(66.7 करोड़)

झरिया ब्लॉक –सरफेस फैसिलिटी और पाइपलाइन (224 करोड़)

रांची रेलवे स्टेशन का री-डेवलपमेंट (210 करोड़)

जसीडीह बाइपास न्यू लेन (294 करोड़)

गोड्डा कोच मेंटनेंस डिपो (40 करोड़)

इस अवसर पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया , केन्दीय मंत्री अर्जुन मुंडा, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, मंत्री बादल पत्रलेख और हफीजुल हसन, सांसद निशिकांत दूबे और विधायक नारायण दास समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker