मामूली विवाद में बीएसएफ के सेवानिवृत कर्मी ने पत्नी को मारी गोली
सोनीपत
कुंडली थाना क्षेत्र में मामूली घरेलू विवाद के चलते बीएसएफ के सेवानिवृत कर्मचारी ने अपनी पत्नी को पिस्टल से गोली मार दी। गोली सीने में लगने से महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। महिला के देवर ने उसको निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपित ने अलमारी में रखी पिस्टल गिर जाने से गोली चलने की कहानी बनाकर इसको हादसा दिखाने का बहाना बनाने लगा। मामले की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद आरोपित के खिलाफ जानलेवा हमला करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपित ने जम्मू कश्मीर से लाइसेंस बनवाया हुआ है। दो साल पहले सेवानिवृत होने के बाद वह दिल्ली में पीएस की नौकरी करता है।
कुंडली थाना पुलिस को आधी रात में सूचना मिली की बिंदरौली गांव में एक महिला को गोली मार दी गई है।पुलिस टीम के पहुंचने तक महिला को एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया था। महिला प्रवीण देवी को सीने में गोली लगी है। पुलिस को परिवार के लोगों ने बताया कि मनोज कुमार ने कपड़ों की अलमारी में अपना पिस्टल रख दिया था। रात में करीब 11 बजे उसकी पत्नी प्रवीण देवी प्रेस करने के लिए कपड़े निकाल रही थी। इसी दौरान पिस्टल फर्स पर गिर गया। प्रवीण देवी ने जैसे ही पिस्टल को उठाया, उसका ट्रेगर दब गया और गोली उसके सीने में लग गई।
पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू की तो हकीकत सामने आ गई। पुलिस ने बताया कि मनोज कुमार का अपनी पत्नी से कई दिन से विवाद चल रहा था। घटना की रात भी मनोज और प्रवीण देवी में झगड़ा हुआ था। झगड़े के दौरान मनोज कुमार ने पिस्टल निकालकर उसको जान से मारने की नियत से गोली मार दी। गोली सामने से लगकर पीछे की ओर निकल गई और प्रवीण लहूलुहान होकर फर्स पर गिर गई। उसके बाद आरोपित मनोज कुमार मौके से फरार हो गया। उसने घटना की जानकारी अपने भाई सतीश कुमार और साले रेवाड़ी जिले के बाबडौली के रहने वाले हंसराज को दी। उनसे मामले को संभालने की गुहार लगाई। पुलिस ने मनोज कुमार के खिलाफ जानलेवा हमला करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपित मनोज कुमार फिलहाल फरार है। वहीं घायल प्रवीण देवी की हालत निजी अस्पताल में गंभीर बनी हुई है।