भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष के ऊपर गंभी आरोप
नई दिल्ली, 18 जनवरी। नई दिल्ली जिले स्थित जंतर-मंतर पर देश के जाने-माने ओलंपियन रेसलर साक्षी मलिक, विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया ने भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ प्रदर्शन कर उन्हें हटाने की मांग की। रेसलर विनेश फोगट ने उन पर यौन शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि कोच महिलाओं को प्रताड़ित कर रहे हैं और फेडरेशन के चहेते कुछ कोच महिला कोचों के साथ भी बदसलूकी करते हैं। वे लड़कियों का यौन उत्पीड़न करते हैं। डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष ने भी कई लड़कियों का यौन उत्पीड़न किया है।
वहीं प्रदर्शन पर बैठी विनेश ने कहा कि पता नहीं अध्यक्ष ने खुद कितनी लड़कियों का यौन शोषण किया है। उन्होंने कहा कि यहां पर जो लड़कियां बैठी हैं, उनमें से एक-दो के साथ ऐसी घटना हुई है। आज मैंने इसके खिलाफ आवाज उठाई है। कल पता नहीं मेरी लाइफ रहेगी या नहीं। खिलाड़ी आत्मसम्मान चाहता है और पूरी शिद्दत के साथ ओलंपिक और बड़े खेलों के लिए तैयारी करता है, लेकिन अगर फेडरेशन उसका साथ ना दे तो मनोबल टूट जाता है, लेकिन अब हम नही झुकेंगे। अपने अधिकारों के लिए लड़ेंगे।
विनेश फोगट ने कहा कि फेडरेशन हमारे निजी जीवन में भी दखल देते हैं और हमें परेशान करते हैं। वे हमारा शोषण कर रहे हैं। जब हम ओलंपिक में गए थे तो हमारे पास फिजियो या कोच नहीं था। पहलवानों का कहना है कि जबसे हमने आवाज उठाई है, हमें धमकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि टोक्यो ओलंपिक में हार के बाद डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष ने मुझे ‘खोटा सिक्का’ कहा।
डब्ल्यूएफआई ने मुझे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। वह हर दिन अपने जीवन को समाप्त करने के बारे में सोचती थी। उन्होंने कहा कि अगर किसी पहलवान को कुछ होता है तो उसकी जिम्मेदारी भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष की होगी।
इस बीच बजरंग पुनिया ने कहा कि “हम चाहते हैं कि भारतीय कुश्ती महासंघ के प्रबंधन में बदलाव किया जाए। हमें उम्मीद है कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री हमारा समर्थन करेंगे। उन्होंने कहा कि यह कैसा अध्यक्ष है जो खिलाड़ियों को गाली देता है। उन्होंने कहा कि हमें जो पैसा स्पॉन्सर से मिलता है, वह पैसा फेडरेशन खा जाता है। वहीं, रियो ओलिंपिक में पदक जीतने वाले साक्षी मलिक ने कहा कि हम पर दबाव बनाया जा रहा है। जल्द ही बलदाव होना चाहिए।
वहीं दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने ट्वीट कर कहा है कि देश का नाम रौशन करने वाले ओलंपियन रेसलर साक्षी मलिक, विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया धरना करने पे मजबूर हैं। उनका कहना है रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रेसिडेंट और कोच खिलाड़ियों का यौन शोषण करते हैं। मामले की जांच के लिए स्पोर्ट्स मिनिस्ट्री और पुलिस को नोटिस जारी कर रहे है।