हिसार: आर्मी में भर्ती के नाम पर सात लाख ऐठने वाला गिरफ्तार
पुलिस ने तीन वर्ष पहले किया था केस दर्ज, चार दिन के रिमांड पर भेजा
हिसार। हिसार सदर थाना की बालसमंद पुलिस चौकी टीम ने आर्मी भर्ती के नाम पर पैसे ऐंठने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान गालड़ गांव में रह रहे डोभी गांव निवासी विकास कुमार के रूप में हुई है। उस पर 14 दिसम्बर 2019 को यह केस दर्ज किया गया था।
चौकी प्रभारी उप निरीक्षक सौरभ ने बताया कि इस संबंध में थाना सदर हिसार में गांव डोभी निवासी मुकेश कुमार ने आर्मी में भर्ती का झूठा आश्वासन देकर धोखाधड़ी से सात लाख रुपए ऐठने के आरोप में विकास की शिकायत दी थी। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर शिकायतकर्ता को धोखे से आर्मी का ज्वाइनिंग लेटर दिखाकर आर्मी में भर्ती करवाने का विश्वास दिलाया था और भर्ती में नाम के सात लाख रुपए लिए थे। पैसे वापस मांगने पर लौटाने से इंकार कर दिया और जान से मारने की धमकी दी थी। आरोपी से पूछताछ जारी है। आरोपी को अदालत में पेश करके चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।