रोहिंग्याओं को दिल्ली में बसने नहीं देंगे: सिसोदिया
नई दिल्ली, 18 अगस्त। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि राजधानी में किसी हालत में रोहिंग्याओं को बसने नहीं दिया जाएगा।
सिसोदिया ने गुरुवार को यहां एक प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि उन्होंने केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर उनसे पूछा है कि केन्द्र सरकार रोहिंग्याओं को दिल्ली में बसने के मुद्दे पर क्या सोच रखती है। सिसोदिया ने कहा कि उन्होंने शाह के अनुरोध किया है कि इस मुद्दे पर गृह मंत्रालय अपना पक्ष देश के सामने रखे।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा था कि उनकी सरकार रोहिंग्या शरणार्थियों को दिल्ली के बक्करवाला में फ्लैट्स देने की योजना पर काम कर रही है। केन्द्र सरकार ने इतना बड़ा फैसला ले लिया और राज्य सरकार को बताया तक नहीं। इस लिए गृह मंत्रालय को इस मुद्दे पर सफाई देनी चाहिए और देश के सामने केन्द्र सरकार का पक्ष साझा करना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने कल ही साफ कर दिया था कि रोहिंग्या शरणार्थी नहीं हैं और उन्हें फ्लैट देने की उनकी कोई योजना नहीं है।
सिसोदिया के आज के बयान पर भाजपा सांसद गौतम गंभीर ने कहा कि रोहिंग्याओं को अच्छी सुविधाएं देने के लिए केन्द्र को आम आदमी पार्टी (आप) ने पत्र लिखा था। भाजपा सरकार का रुख साफ है कि सारे रोहिंग्याओं को देश से निर्वासित किया जाना चाहिए। ऐसे में आप सरकार को रोहिंग्याओं को लेकर अपना रुख साफ करने की जरूरत है।