फतेहाबाद: 5230 मीटर की ऊंचाई पर विद्यार्थियों ने योग करके दिखाया साहस
प्रदेश के 88 विद्यार्थियों ने युनम पीक कैम्प में लिया भाग, फतेहाबाद के 3 विद्यार्थी भी रहे शामिल
फतेहाबाद, 29 जून सरकारी स्कूल के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा विभाग हरियाणा द्वारा युनम पीक अभियान का आयोजन किया गया। युनम पीक समुंद्र तल से 6111 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। यह पीक हिमाचल प्रदेश के लाहौल में प्रसिद्ध बारालाचा दर्रा के पास स्थित है। इस चोटी की यात्रा बेहद कठिन मानी जाती है। प्रोग्राम ऑफिसर संजय भारद्वाज के सानिध्य में हरियाणा के सभी जिलों से 88 विद्यार्थियों जिनमें 44 लड़कियां, 22 लड़के व 22 दिव्यांग विद्यार्थियों का चयन किया गया।
इस दल को मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने 14 जून को पंचकूला में फ्लैग ऑफ कार्यक्रम के साथ रवाना किया था। दल के साथ माऊंट एवरेस्ट विजेता प्रशिक्षकों की अनुभवी टीम भी भेजी गई थी। फतेहाबाद जिले से रमेश कुमार, जिला गणित विशेषज्ञ और गणित प्राध्यापिका दर्पण को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया था। इस विशेष अभियान में तीन विद्यार्थियों साहिल पुत्र वेदप्रकाश, निशा पुत्री महेन्द्र सिंह, गीता पुत्र राजेश के अलावा नोडल अधिकारी दर्पण ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने 5230 मीटर की ऊंचाई पर योग किया, साथ ही बारालाचा दर्रा पर सफाई अभियान भी चलाया। स्कूल शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव महावीर सिंह और अतिरिक्त निदेशक विवेक कालिया और सहायक निदेशक नंदकिशोर वर्मा ने फ्लैग इन प्रोग्राम के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों का उत्साहवर्धन किया। महावीर सिंह ने बच्चों और शिक्षकों के हौंसले की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इतने खराब मौसम और ऑक्सीजन की कमी के बावजूद विद्यार्थी और शिक्षक कैम्प में डटे रहे।
युनम पीक अभियान से फतेहाबाद लौटे तीनों विद्यार्थियों व नोडल अधिकारी को सफल आयोजन के लिए बहुत बधाई। विद्यार्थियों ने प्रतिकूल परिस्थितियों में भी इस अभियान को सफल बनाने का भरपूर सहयोग किया। विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं।
-दयानंद सिहाग, जिला शिक्षा अधिकारी
शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित एडवेंचर कैम्प के दौरान प्रदेशभर के 88 विद्यार्थियों व 12 शिक्षकों उत्साहपूर्वक भाग लिया और 5230 मीटर की ऊंचाई पर योग करके कीर्तिमान स्थापित किया है। पर्वतारोहण के क्षेत्र को विद्यार्थी व्यवसाय के रूप में चुनकर अपने जीवन को नई दिशा दे सकते हैं।
-दर्पण, नोडल अधिकारी एडवेंचर कैम्प, फतेहाबाद