उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश के 75 जिलों में करेंगे जल संरक्षण पर गोष्ठियां : स्वतंत्रदेव सिंह

–प्रधानमंत्री का जन्मदिन जल ही जीवन मंत्र के रूप में मनाया जाएगा

लखनऊ, 13 सितम्बर। उत्तर प्रदेश जल शक्ति विभाग आगामी 22 सितम्बर को प्रदेश के समस्त 75 जिलों में जल संरक्षण पर विशाल गोष्ठियां करने की तैयारी कर रहा है। इसकी जानकारी जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने मंगलवार को दी।

जलशक्ति मंत्री ने कहा कि प्रमुख रूप से 22 सितम्बर को प्रदेश के सभी 75 जिलों में जल संवर्द्धन, जल संचयन, जल संरक्षण, कैच द रेन अभियान के तहत विशाल गोष्ठियां होंगी। लोगों को पानी का महत्व बताने के साथ जल संचयन और नदी की सेवा का कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा।

स्वतंत्र देव सिंह ने 22 सितम्बर का महत्व बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन जल ही जीवन मंत्र के रूप में मनाया जाएगा। 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक प्रदेश के गांव-गांव में जल संरक्षण पर गोष्ठियां, प्रभातफेरी, जनजागरूकता रैलियों जैसे विभिन्न आयोजन किये जाएंगे। घर-घर तक लोगों को पानी बचाने का संदेश दिया जाएगा।

नमामि गंगे और ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के सभागार में स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को वर्चुअली सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर जल ही जीवन का मंत्र गांव-गांव में जन-जन तक पहुंचाना है। समाज को जागरूक करना है। उनको समझाना है कि पानी की बचत कैसे हो सकती है। पानी को बर्बाद नहीं करना है ये बताना है। यह देश के हित और राष्ट्र के हित में है। सेवा पखवाड़े में जल संचय पर विकास खंडों पर गोष्ठियां आयोजित की जाएं। भूगर्भ जल विभाग के साथ अन्य विभाग भी आयोजन में सहयोग करें। गोष्ठियों में ग्राम प्रधान समेत ग्रामवासी, प्रशासनिक अधिकारी शामिल हों।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker