राष्ट्रीय

करणी सेना का महाआंदोलन चौथे दिन भी जारी, ग्रामीण कर रहे चाय-नाश्ते और खाने का व्यवस्था

भोपाल, 11 जनवरी । आर्थिक आधार पर आरक्षण और एसटी-एसी एक्ट में बदलाव समेत 21 सूत्रीय मांगों को लेकर राजपूत करणी सेना का राजधानी भोपाल के भेल एरिया में शुरू किया गया महाआंदोलन चौथे दिन बुधवार को भी जारी है। प्रदर्शनकारी जम्बूरी मैदान से निकलकर महात्मा गांधी चौराहे पर आकर डटे हुए हैं। यहां प्रदर्शनकारियों को चाय-नाश्ते के साथ खाने की व्यवस्था भी की जा रही है।

इसके संदर्भ में जब प्रदेश के गृहमंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा से प्रतिक्रिया ली गई तो उन्होंने कहा कि करणी सेना वाले हमारे अपने हैं। हम उन्हें मना लेंगे। उन्होंने शायराना अंदाज में कहा कि ‘वो (करणी सेना वाले) हमारे अपने हैं, कोई गैर नहीं। हम भाइयों में आपस में कोई बैर नहीं।’

गौरतलब है कि बीते रविवार को करणी सेना ने अपनी 21 सूत्रीय मांगों को लेकर भोपाल में महाआंदोलन शुरू किया था। पहले दिन इस आंदोलन में करीब तीन लाख लोग जुटे थे, जिनमें मप्र के अलावा अन्य राज्यों के लोग भी शामिल थे। हालांकि, रात में अधिकांश लोग वापस लौट गए थे। इस दौरान पांच लोगों ने भूख हड़ताल शुरू कर दी थी, जिनमें करणी सेना प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर के अलावा चार और पदाधिकारी शामिल हैं। अगले दिन प्रदर्शनकारी जम्बूरी मैदान से आगे बढ़कर गांधी चौराहे पर आकर जमा हो गए और यहां उनका प्रदर्शन जारी है। इस आंदोलन में रोजाना सैकड़ों लोग जुड़ते चले जा रहे हैं। इनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हैं।

भूख हड़ताल पर बैठे करणी सेना के नर्मदापुरम संभागीय प्रवक्ता लल्लन सिंह राजपूत की तबीयत मंगलवार-बुधवार की रात अचानक बिगड़ी। करणी सेना के भोपाल महानगर अध्यक्ष कृष्णा बुंदेला ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रात को उनका बीपी अचानक बढ़ गया था। घबराहट होने लगी थी। जिस पर करणी सेना के साथ मौजूद डाक्टरों ने जांच की और पानी पिलाने के बाद आराम कराया। सुबह इसकी जानकारी प्रशासन को दे दी है।

करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष जीवन सिंह ने बताया कि हम सर्व समाज के लिए शिवराज सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। लेकिन अब तक यहां सरकार का कोई प्रतिनिधि मिलने नहीं आया। उन्होंने बताया कि सरकार की तरफ से मध्यस्थता की जिम्मेदारी मंत्री अरविंद भदौरिया को सौंपी गई है। लेकिन अब तक वो भी मौके पर नहीं आए। केवल फोन व अन्य सदस्यों के मध्यस्थता में ये वार्ता चल रही है। यदि जल्द मांग पूरी नहीं होती तो एक बार फिर राजधानी में प्रदेशभर के करणी सेना के जावन एकत्रित होंगे।

भेल क्षेत्र में कालीबाड़ी के सामने महात्मा गांधी चौराहे के पास करणी सेना का प्रदर्शन चल रहा है। यह सड़क महात्मा गांधी चौराहे से अवधपुरी के लिए जाती है। लेकिन यहां प्रदर्शन होने से सड़क बाधित हो गई है। प्रतिदिन 50 हजार से अधिक लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया। वहीं इस मार्ग पर सार्वजनिक परिवहन भी बंद है। अवधपुरी से लोगों को महात्मा गांधी चौराहे तक दो किलोमीटर पैदल चलना पड़ रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker