राष्ट्रीय

 राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान से सम्मानित होंगी फिल्म जगत की तीन हस्तियां

भोपाल, 12 अक्टूबर। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा स्थापित किए गए राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान से इस बार फिल्म जगत की तीन हस्तियां सम्मानित होंगी। प्रदेश की संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री उषा ठाकुर खंडवा में गुरुवार शाम आयोजित एक समारोह में राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान से अशोक मिश्रा, अमिताभ भट्टाचार्य एवं विवेक रंजन अग्निहोत्री को सम्मानित करेंगी।

जनसम्पर्क अधिकारी अनुराग उइके ने बुधवार को बताया कि पिछले तीन साल से कोरोना के कारण यह सम्मान समारोह नहीं हो पाया था। इसलिए इस बार समारोह में वर्ष 2019 में पटकथा के लिए मुंबई के अशोक मिश्रा, वर्ष 2020 में गीत लेखन के लिए अमिताभ भट्टाचार्य और वर्ष 2021 में निर्देशन के लिए विवेक रंजन अग्निहोत्री को राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान से अलंकृत किया जाएगा। संस्कृति विभाग का प्रतिष्ठित राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान अलंकरण समारोह खण्डवा में पंधाना रोड स्थित पुरानी अनाज मंडी में शाम 7 बजे से होगा। अलंकरण समारोह के बाद संगीत संध्या होगी, जिसमें प्रख्यात गायक देबोजीत साहा एवं ग्रुप, मुम्बई की सांगीतिक प्रस्तुति होगी।

उल्लेखनीय है कि संस्कृति विभाग ने उत्कृष्टता एवं सृजन को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करने की अपनी सुप्रतिष्ठित परम्परा का अनुसरण करते हुए सिनेमा के क्षेत्र में निर्देशन, अभिनय, पटकथा तथा गीत लेखन के लिए वार्षिक राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान की स्थापना वर्ष 1997 में की थी। यह सम्मान उत्कृष्टता, दीर्घ साधना, श्रेष्ठ उपलब्धि के मानदण्डों के आधार पर प्रदान किया जाता है। यह सम्मान अब तक सिनेमा जगत के कई विशिष्ट व्यक्तियों को प्रदान किया जा चुका है, जिनमें हृषिकेश मुखर्जी, नसीरुद्दीन शाह, गुलजार, बीआर चोपड़ा, अमिताभ बच्चन, श्याम बेनेगल, शत्रुघ्न सिन्हा, मनोज कुमार, यश चोपड़ा, देव आनन्द, दिलीप कुमार आदि प्रमुख हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker