दिल्ली

भारत को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ राष्ट्र बनाने के लिए देशवासियों को लेना होगा संकल्प : केजरीवाल

नई दिल्ली, 05 अगस्त। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भारत को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ राष्ट्र बनाने के लिए सभी देशवासियों को संकल्प लेने की जरूरत है। केजरीवाल ने शुक्रवार को एक प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या यानी 14 अगस्त की शाम 05 बजे पूरी दिल्ली में लोग हाथों में तिरंगा लेकर मिलकर राष्ट्रगान गाएंगे। इस दौरान सभी लोग भारत को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ राष्ट्र बनाने के लिए संकल्प लेंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार राज्य में 25 लाख तिरंगे बांटेगी। सरकारी स्कूलों में हर बच्चे को तिरंगा दिया जाएगा।

केजरीवाल ने कहा कि 14 अगस्त को वह खुद भी हाथ में तिरंगा लेकर जनता के साथ राष्ट्रगान गाएंगे। इसके लिए दिल्ली में तरह-तरह के करीब 100 जगह कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। केजरीवाल ने कहा कि जब हम तिरंगा हाथ में लेकर राष्ट्रगान गाएंगे, तब हमें प्रण करना है कि हमें भारत को दुनिया का नंबर वन राष्ट्र बनाना है। हमें यह भी याद रखना है कि जब तक हर बच्चे को अच्छी शिक्षा, हर भारतवासी को अच्छा इलाज, हर घर को बिजली, गांव-गांव तक सड़क, हर बेरोजगार को रोजगार और हर महिला को सुरक्षा नहीं मिलेगी, तब तक भारत दुनिया का नंबर वन देश नहीं बन सकता। आजादी के इस 75वें सालगिरह पर हमें प्रण करना है कि हम 130 करोड़ भारतवासी मिलकर भारत को दुनिया का नंबर वन राष्ट्र बनाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker