दो दिवसीय दीक्षा: गुरु शिष्य परंपरा महोत्सव शनिवार से
नई दिल्ली, 11 नवंबर। भारत विभिन्न कलाओं और संस्कृति से परिपूर्ण देश है। इस कला और संस्कृति को आमजन तक ले जाने के लिए समय-समय पर संस्कृति मंत्रालय का स्वायत्त संस्थान इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र संस्कृति और कला से जुडे कार्यक्रम आयोजित करता रहता है। इसी क्रम में जनपथ स्थित इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के प्रांगण में 12 और 13 नवंबर को दो दिवसीय कार्यक्रम दीक्षा: गुरु शिष्य परंपरा कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
सेंटर फॉर इंडियन क्लासिकल डांस के सहयोग से दीक्षा महोत्सव का आयोजन होगा। महोत्सव में प्रख्यात नृत्यांगना, सांस्कृतिक विदुषी, पदम विभूषण एवं राज्यसभा सांसद डॉ.सोनल मान सिंह के जीवन यात्रा को उनके शिष्यों द्वारा विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में ख्याति प्राप्त विद्वान, मौजूद रहेंगे। यह महोत्सव डॉ. सोनल मानसिंह के मार्गदर्शन में किया जाएगा। 12 और 13 नवंबर को आयोजित होने वाले दीक्षा महोत्सव को दो सत्र में बांटा गया है। इसमें पहला सत्र सुबह दस बजे से संवेत ऑडिटोरियम में आयोजित होगा। वहीं, दूसरा सत्र शाम छह बजे से उन्मुक्त एम्फीथिएटर में आयोजित होगा। पहले दिन 12 नवंबर को पहले सत्र में दीप प्रज्जवलन के साथ महोत्सव की शुरुआत होगी। दो दिवसीय महोत्सव में वार्ता और संवाद होगा। महोत्सव में इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के सदस्य सचिव डा. सच्चिदानंद जोशी, प्रोफेसर मालाश्री लाल, आशीष खोखर, कुमुद दीवान सहित अन्य कला और संस्कृति से जुड़े वरिष्ठजन शामिल होंगे। पहले दिन के शाम के सत्र में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. करन सिंह उपस्थित रहेंगे। वहीं, दूसरे दिन के शाम के सत्र में विशिष्ट अतिथि सरोद वादक उस्ताद अमजद अली खान उपस्थित रहेंगे। इसमें कला प्रेमियों के लिए भरतनाट्यम, दशावतार आदि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।