तबियत में सुधार के बाद दिल्ली के लिए रवाना हुए केन्द्रीय मंत्री गडकरी
सिलीगुड़ी में 1206 करोड़ की परियोजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास
रायगंज और खड़गपुर के कार्यक्रमों में जाने के लिए डॉक्टरों ने नहीं दी अनुमति
कोलकाता, 17 नवंबर। केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को उत्तर बंगाल के सिलीगुड़ी में राष्ट्रीय राजमार्ग की 1206 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया है। इस कार्यक्रम के दौरान तबियत बिगड़ने अन्य दो कार्यक्रम निरस्त कर विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
सिलीगुड़ी में एक कार्यक्रम के दौरान उनकी तबियत बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें शहर के एक जनरल फिजिशियन की निगरानी में दवा दी गई। फिर उन्हें स्थानीय अस्पताल में चेकअप के लिए भी ले जाया गया। सूत्रों ने बताया है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सिलीगुड़ी के पुलिस कमिश्नर को फोन कर सुरक्षा के पुख्ता व्यवस्था के निर्देश दिए थे, जिसके बाद गडकरी को ले जाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया। सूत्रों ने बताया कि उन्हें स्लाइन चढ़ाने की जरूरत पड़ी, जिसके बाद जब वह बेहतर महसूस करने लगे तो स्थानीय सांसद राजू बिष्ट के घर पहुंच गए। वहां कुछ घंटे आराम करने पर जब उन्हें सुधार दिखा तो उन्होंने कार्यक्रम को पूरा किया। मंत्री को रायगंज और खड़गपुर भी जाना था लेकिन डॉक्टरों की अनुमति नहीं मिलने की वजह से वह सिलीगुड़ी से सीधे उत्तर बंगाल के बागडोगरा हवाई अड्डे पर पहुंचे, जहां से विशेष विमान से वह वापस दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं।
इसके पहले केंद्रीय मंत्री ने सिलीगुड़ी के बालासन से सेवक कंटोनमेंट तक 12 किलोमीटर लंबे फोरलेन और छह लेन राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इसके उद्घाटन कार्यक्रम में वह सात मिनट तक संबोधन करने के दौरान असहज महसूस करने लगे। इसके बाद उन्हें मंच से उतार कर सभास्थल के बाद बने कॉटेज में लाया गया। भाजपा विधायक नीरज कुमार जिम्बा ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान अचानक ब्लड में शुगर लेवल कम होने की वजह से उन्हें चिकित्सा की जरूरत पड़ी। उन्हें नियमित जांच की जरूरत होती है। बाद में स्वस्थ होने के बाद वह अपनी कार से राजू बिष्ट के घर पहुंचे। सिलीगुड़ी में उन्होंने परियोजना के शिलान्यास के बाद रिंग रोड के लिए कई अन्य योजनाओं की घोषणा भी की। शाम 5:30 बजे जब वह थोड़े स्वस्थ हुए तो मीडिया के सामने भी आए। उन्होंने बताया कि वह ठीक हैं और बंगाल के लोगों की बेहतरी के लिए काम करेंगे। उसके बाद वह सिलीगुड़ी के बागडोगरा एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए हैं। यहां से वह दिल्ली के लिए रवाना होंगे।