राष्ट्रीय

त्रिपुरा में केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी केवीके उद्घाटन समेत विभिन्न कार्यक्रमों में हुए शामिल

अगरतला (त्रिपुरा), 13 जनवरी। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री कैलाश चौधरी विभिन्न सरकारी एवं संगठन से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए गुरुवार और शुक्रवार को दो दिवसीय त्रिपुरा के प्रवास पर रहे।

अपने दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री चौधरी त्रिपुरा के धलाई में केवीके उद्घाटन समारोह और उन्नाकोटी जिला के नवनिर्मित केवीके भवन के उद्घाटन समारोह में सम्मिलित हुए। उन्होंने नव केवीके परिसर के उद्घाटन के प्रतीक के रूप में पौधारोपण किया और केवीके परिसर में कृषि प्रदर्शनी का उद्घाटन कर प्रदर्शनी में रखे विभिन्न कृषि उत्पादों का अवलोकन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैलाश चौधरी ने कहा कि आज भारत में कृषि विज्ञान केंद्र नई ऊंचाईयां प्राप्त कर रहे है। त्रिपुरा में मोदी सरकार के 8 सालों में नव स्वीकृत 4 कृषि विज्ञान केंद्र बनकर कार्यरत हैं। इस दौरान त्रिपुरा कृषि मंत्री प्रणजीत सिंह रॉय सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं केवीके अधिकारीगण उपस्थित रहे।

पूर्वोत्तर में जैविक खेती को बढ़ावा दे रही केंद्र सरकार-

केवीके में कृषि प्रदर्शनी एवं किसान मेला को संबोधित करते हुए स्थानीय किसानों से संवाद के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि त्रिपुरा संपूर्ण जैविक खेती को अपनाने वाले राज्यों में देश में अग्रणी राज्य है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार भी जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दे रही है। ऐसे में निश्चित रूप से केंद्र सरकार की कृषि हितेषी योजनाओं का लाभ त्रिपुरा के स्थानीय किसानों को भी मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर राज्यों में केन्द्र सरकार द्वारा किए जा रहे विशेष प्रयासों का परिणाम है कि प्राप्त आंकड़ों के अनुसार किसानों की आय बीते 8 साल में दोगुना से भी अधिक बढ़ी है। कैलाश चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर एमएसपी में डेढ़ गुना का इजाफा करते हुए मोदी सरकार किसानों के उत्थान की दिशा में प्रयासरत हैं।

प्रसिद्ध शक्तिपीठ त्रिपुरा माता मंदिर में किए दर्शन-

केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने त्रिपुरा प्रवास के दौरान राज्य के प्राचीन शहर उदयपुर में स्थित शक्ति पीठ माताबारी (त्रिपुर सुंदरी) मंदिर में संध्या आरती के दर्शन पूजन किए और माता से कामना की कि उनकी कृपा सदा हमारे देशवासियों पर बनी रहे। साथ ही कैलाश चौधरी ने केंद्र सरकार की प्रसाद योजना के अंतर्गत माता त्रिपुर सुंदरी के मंदिर के पुनर्विकास एवं पुनर्निर्माण के तहत मंदिर में चल रहे कार्यों का अवलोकन कर जानकारी प्राप्त की। प्रसाद योजना के अंतर्गत 100 करोड़ की लागत से यहां धार्मिक पर्यटन अनुभव को समृद्ध करने एवं विकसित करने पर कार्य किया जा रहा हैं।

गुरुवार को प्रदेश की राजधानी अगरतला पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री चौधरी ने सबसे पहले राजभवन में त्रिपुरा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य से आत्मीय भेंट की और राज्यपाल से किसान कल्याण एवं कृषि क्षेत्र में केंद्र सरकार के विभिन्न योजनाओं के जमीनी स्तर पर कार्यान्वयन को लेकर आवश्यक चर्चा की। इसके बाद उन्होंने त्रिपुरा भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष जवाहर साहा के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं एवं किसान मोर्चा पदाधिकारियों के साथ बैठक कर स्थानीय मुद्दों, संगठनात्मक विषयों एवं आगामी चुनावी रणनीति पर अपने योगदान के विभिन्न बिंदुओं पर सार्थक चर्चा की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker