केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत ने चंडीगढ़ में दिया सेवा सुशासन का नारा
चंडीगढ़, 05 जून । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के कार्यकाल के आठ वर्ष पूरे होने पर भाजपा द्वारा चलाए जा रहे देशव्यापी सेवा सुशासन व गरीब कल्याण अभियान के तहत केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत रविवार को चंडीगढ़ पहुंचे।
राव इंद्रजीत ने चंडीगढ़ के सेक्टर-33 स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इसके बाद उन्होंने चंडीगढ़ के सेक्टर-29 ओसीएफ कॉलोनी व मनीमाजरा में तीन जगह पौधरोपण किया तथा सेक्टर-34 की मार्किट में दुकानदारों से रूबरू होकर केंद्र सरकार की आठ वर्षों की उपलब्धियों व योजनाओं के बारे में पंफलेट बांटे।
इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत ने कहा कि पिछले आठ सालों के दौरान भारत में राजनीति के मायने बदले हैं। भारतीय राजनीति परिवारवाद से बाहर निकलकर आम जन तक पहुंची है।
राव इंद्रजीत ने चंडीगढ़ में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा करवाए गए विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाएं। केंद्र सरकार ने पिछले आठ वर्षों के दौरान समाज के सभी वर्गों के लिए कल्याणकारी योजनाएं लागू करके हर वर्ग को लाभ पहुंचाया है।
वहीं, चंडीगढ़ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अरुण सूद ने केंद्रीय राज्य मंत्री का स्वागत करते हुए सेवा सुशासन व गरीब कल्याण अभियान के दौरान चंडीगढ़ भाजपा द्वारा किये जा रहे कार्यों बारे में बताया।