यमुनानगर: प्रधानमन्त्री मोदी बचपन से ही विलक्षण प्रतिभा के स्वामी रहे: घनश्याम दास अरोड़ा
यमुनानगर,17 सितंबर। भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर शनिवार को यमुनानगर के मेयर हाउस में पीएम मोदी की जीवन पर 3 दिवसीय प्रदर्शनी का अयोजन किया गया। इस मौके पर सिटी विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा,नगर निगम मेयर मदन चौहान, चेयरमैन रामनिवास गर्ग, चेयरपर्सन रोजीमलिक आनंद, जिला महामंत्री कृष्ण सिंगला मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
विधायक घनश्यामदास अरोड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन संघर्षों का जीवन रहा है। उन्होंने अपने जीवन की शुरुआत एक छोटे से रेलवे स्टेशन पर जीविका कमाकर की। पीएम नरेंद्र मोदी बचपन से ही विलक्षण प्रतिभा के स्वामी रहे। देश सेवा के कार्यों में अग्रणीय भूमिका बचपन से ही निभाते रहे। नगर निगम मेयर मदन चौहान ने कहा कि मेयर हाऊस यमुनानगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन पर प्रदर्शनी 3 दिन चलेगी। प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन के विभिन्न पहलुओं को दर्शाया गया है। प्रदर्शनी में पीएम मोदी के बचपन से लेकर प्रधानमंत्री बनने तक व उसके बाद अभी तक के सारे सफर को प्रदर्शनी के माध्यम से व्यक्त किया गया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को भाजपा जिला संगठन 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक 15 दिन सेवा पखवाड़ा के रूप में पूरे जिला यमुनानगर के 13 मंडलों में बड़ी सादगी व सेवा भाव के साथ मना रही है। जिसमें भाजपा के प्रदेश स्तरीय ,जिला स्तरीय ,मंडल स्तरीय, बूथ स्तरीय कार्यकर्ता पूरी मेहनत से लगे हुए हैं। भाजपा जिला महामंत्री कृष्ण सिंगला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन खुली किताब की तरह है, कोई भी नागरिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नमो ऐप के माध्यम से जुड़ सकता है। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।