यमुनानगर के भाजपा पार्षद हुए मेयर के खिलाफ
यमुनानगर,10 जनवरी। शहर यमुनानगर में सड़क किनारे हो रहे भवन निर्माण कार्य की सामग्री सड़कों पर गिराए जाने से बीजेपी पार्षद अब मेयर के खिलाफ खड़े हो गए हैं। निगम के पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर पवन बिट्टू तथा वार्ड नंबर 9 से बीजेपी पार्षद भावना बिट्टू मेयर मदन चौहान की कार्यप्रणाली से नाखुश है। पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर द्वारा बार-बार मेयर व निगम के उच्च अधिकारियों से कहने के बाद भी सड़क किनारे हो रहे अतिक्रमण पर लगाम नहीं लग पा रही है। यही कारण है कि सड़क किनारे हो रहे अतिक्रमण के कारण हर दिन शहर में हादसे हो रहे हैं।
भाजपा पार्षद भावना बिट्टू ने कहा कि शहर में लोगों द्वारा सड़क किनारे भवन निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। जिनकी निर्माण सामग्री सड़क किनारे गिरा दी जाती है। इसके बाद यह सामग्री धीरे-धीरे बिखरने के बाद सड़क पर आ जाती है। जिससे शहर में हादसों का ग्राफ बढ़ रहा है। इसके साथ ही सड़क पर जाम की स्थिति भी बनी रहती है। सड़क पर निर्माण सामग्री गिराए जाने के खिलाफ न तो शहर की सरकार के नुमाइंदे और नहीं निगम अधिकारी ध्यान दे रहे हैं। शहर की सरकार के नुमाइंदों व निगम अधिकारियों द्वारा इस मामले में हस्तक्षेप न करने पर सड़क किनारे अतिक्रमण करने वाले लोगों के भी हौसले बुलंद है। शहर की रेलवे स्टेशन से जगाधरी जाने वाली मुख्य सड़क पर मधु चौक पर भारतीय जीवन बीमा निगम की पुरानी बिल्डिंग के कंस्ट्रक्शन का कार्य चल रहा है। पहले ठेकेदार द्वारा निर्माण सामग्री को सड़क किनारे डाल दिया।
अब वह निर्माण सामग्री सड़क के बीच तक पहुंच चुकी है। जिससे न केवल सड़क पर जाम की स्थिति बन रही है। बल्कि मंगलवार सुबह धुंध के कारण यमुनानगर से जगाधरी की तरफ जा रहे वाहन निर्माण सामग्री के ऊपर चढ गए। जिसके बाद कई वाहन आपस में टकरा गए। हालांकि वाहनों के आपस में टकराने से कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। मगर एक बड़ा हादसा होने से टल गया। उन्होंने कहा कि शहर में ऐसे बहुत से कंस्ट्रक्शन के कार्य चल रहे हैं। जिनके निर्माण सामग्री सड़क के बीच तक फैली पड़ी है मगर अधिकारी इसकी तरफ ध्यान नहीं दे रहे है।